जरूरतमंद को न्याय दिलाने मे अधिवक्ताओं का योगदान आवश्यक- सिविल जजदीवानी न्यायालय सभागार में हुआ अधिवक्ता सम्मान समारोह

लालगंज, प्रतापगढ़। स्थानीय सिविल न्यायालय के सभागार में अधिवक्ता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बतौर मुख्यअतिथि सिविल जज कुंवर दिव्यदर्शी ने संयुक्त अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सम्मानित कर बार एवं बेंच के सौहार्दपूर्ण सम्बन्धों पर जोर दिया। सिविल जज ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी महेश, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शैलेन्द्र चतुर्वेदी, उपाध्यक्ष लाल विनोद प्रताप सिंह, महामंत्री धीरेन्द्र शुक्ल व कोषाध्यक्ष राजेश द्विवेदी तथा प्रचार मंत्री निलेश त्रिपाठी को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। उन्होनें अधिवक्ताओं से कहा कि जरूरतमंद को पूर्ण न्याय दिलाने के लिए बार एवं बेंच को मिलकर न्यायिक कामकाज के वातावरण को सुदृढ़ करना होगा। उन्होने कहा कि अदालतों का ध्येय पीड़ित को सही समय पर न्याय उपलब्ध कराना हुआ करता है। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल महेश ने अपनी कार्यकारिणी की ओर से सम्मान पर आभार जताते हुए वादकारी हितो को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का ऐलान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आल इण्डिया रूरल बार एसोशिएसन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानप्रकाश शुक्ल एवं संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता रमेश पाण्डेय ने किया। समारोह को अधिवक्ता जीतेन्द्र सिंह, सतेश सिंह, विपिन शुक्ल, टीपी यादव ने भी संबोधित करते हुए बार एवं बेंच के मिशन पर प्रकाश डाला।

इस मौके पर पूर्व उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह, शैलेन्द्र तिवारी, महेश पटेल, शशि शेखर पाण्डेय, प्रमोद तिवारी, जान्हवी प्रताप सिंह, विभाकर शुक्ल आदि अधिवक्ता रहे।