खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के तहत जिले में निकाली गई मशाल रैली

खेलेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया के उद्देश्य से खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 का किया जा रहा आयोजन:सी.डी.ओ-

दैनिक बदलता स्वरूप
श्रावस्ती

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 के तृतीय संस्करण का आयोजन उत्तर प्रदेश में पहली बार दिनांक 25 मई से 5 जून तक आयोजित किया जा रहा है। जिसमें पूरे भारत वर्ष के लगभग 200 विश्वविद्यालय के लगभग 1800 खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। जिसके तहत गेम्स के प्रचार-प्रसार हेतु 4 मशाल रैलियों प्रचार वाहन के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री के कर कमलों द्वारा मशाल प्रज्वलित कर लखनऊ से रवाना की गई थी। मशाल रैली बहराइच से होते हुए शनिवार को जनपद श्रावस्ती पहुंची। और रविवार को मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) डी.पी. सिंह द्वारा मशाल लेकर खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 के प्रचार-प्रसार एवं खिलाड़ियों के उत्साह वर्धन हेतु जूनियर हाईस्कूल भिनगा से मशाल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली जूनियर हाईस्कूल भिनगा से होकर ईदगाह चौराहा तक निकाली गई। इस रैली में जिला ओलम्पिक संघ, जिला खेल संघ, स्काउट गाइड, यूथ क्लब, युवक मंगल दल, नेहरू युवा केन्द्र, स्पोर्स्ट्स क्लब, सामाजिक संस्थाओं एवं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा प्रतिभाग किया गया। इसके बाद मशाल रैली प्रचार वाहन जनपद गोण्डा के लिए प्रस्थान कर गई। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप खेलो इंडिया अभियान चलाया जा रहा है। उन्होने कहा कि खेलेगा इंडिया, बढ़ेगा इंडिया इसी उद्देश्य से खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 का शुभारम्भ किया गया है। खेलो इंडिया प्लेटफार्म, खेल में उत्कृष्टता और राष्ट्र की सेवा में अनुशासित, समर्पित तथा कर्त्तव्य-केंद्रित युवाओं के निर्माण से संबंधित है। उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश अब तक का सबसे अच्छा खेलो इंडिया गेम प्रस्तुत करने के लिए तैयार है। उन्होने कहा कि खेलो इंडिया पहल देश के खेल इकोसिस्टम के लिए भी महत्वपूर्ण बनी हुई है। ऐसे कई खेलो इंडिया एथलीट हैं, और आज वे विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं में देश को गौरवान्वित कर रहे हैं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी(वि./रा.) ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा खेलों को अधिक से अधिक बढावा देने का कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए प्रत्येक स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। जिसके तहत आज खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022 का आयोजन कर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिससे युवाओं को खेल के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस अवसर उपजिलाधिकारी भिनगा आशुतोष, जिला क्रीडाधिकारी शिवकुमार यादव, जिला युवा कल्याण अधिकारी के.एस. मिश्रा सहित तमाम अध्यापक,अध्यापिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।