बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जिलाधिकारी कृतिका शर्मा ने बताया है कि उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में वर्ष 2022 के दिये जाने वाले बाल साहित्य सम्मानों यथा- सुभद्रा कुमारी चौहान महिला बाल साहित्य सम्मान, सोहन लाल द्विवेदी बाल कविता सम्मान, निरंकार देव सेवक बाल साहित्य इतिहास लेखन सम्मान, अमृत लाल नागर बाल कथा सम्मान, शिक्षार्थी बाल चित्रकला सम्मान, लल्ली प्रसाद पाण्डेय बाल साहित्य पत्रकारिता सम्मान, डॉ. रामकुमार वर्मा बाल नाटक सम्मान, आचार्य कृष्ण विनायक फड़के बाल साहित्य समीक्षा सम्मान, जगपति चतुर्वेदी बाल विज्ञान लेखन सम्मान तथा उमाकान्त मालवीय युवा बाल साहित्य सम्मान हेतु साहित्यकारों/विद्वानों का चयन किया जाना है।
उन्होने बताया है कि उक्त सम्मानों के लिए विद्वानों की संस्तुति जीवनवृत्त सहित निर्धारित प्रपत्र पर निदेशक, उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान, राजर्षि पुरुषोत्तमदास टण्डन हिन्दी भवन, 6 महात्मा गांधी मार्ग, हजरतगंज, लखनऊ को 24 जुलाई, 2023 तक उपलब्ध करा सकते हैं। एक संस्तुति प्रपत्र पर किसी एक साहित्यकार के नाम की संस्तुति ही भेज सकते है। संस्तुतियां स्पीड पोस्ट अथवा हाथों-हाथ संस्थान कार्यालय में प्राप्त करा सकते हैं। प्रत्येक सम्मान की धनराशि रु0 51 हजार अथवा कार्यकारिणी समिति द्वारा निर्धारित धनराशि होगी।
पुरस्कार हेतु साहित्यकारों का चयन विभिन्न मापदण्डों के आधार पर किया जायेगा। जैसे- हिन्दी भाषा में उत्कृष्ट प्रकाशित बाल साहित्य/कृतित्व, ख्याति प्राप्त एवं जीवित साहित्यकार, उमाकान्त मालवीय युवा बाल साहित्य सम्मान हेतु साहित्यकार की आयु 18 से 35 वर्ष के मध्य होना आवश्यक है। उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान ’बाल साहित्य सम्मान नियमावली 2015’ संस्तुति प्रपत्र तथा सम्मानों से सम्बन्धित अन्य जानकारी संस्थान की वेबसाइट www.uphindisansthan.in पर उपलब्ध है और उसमें उपर्युक्त निर्धारित प्रपत्र भी उपलब्ध है, जिन्हें डाउनलोड किया जा सकता है। सम्मानों हेतु संस्तुतियां व्यक्तिगत रूप से डाक द्वारा मूल रूप में हस्ताक्षर सहित संस्थान को भेजना आवश्यक है।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal