स्थगन आदेश के बावजूद पुलिस करवा रही निर्माण

कर्नलगंज गोंडा। पुलिस के लिए दीवानी न्यायालय का स्थगन आदेश व एसडीएम का आदेश भी कोई मायने नही रखता। मनमानी करते हुये पुलिस विवादित भूमि पर निर्माण करवा रही है। प्रकरण थाना परसपुर के पुलिस चौकी शाहपुर अंतर्गत ग्राम धनावा से जुडा है। यहां के निवासी श्री नाथ तिवारी ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया है जिसमें कहा गया है कि ग्राम धनावा स्थित गाटा संख्या 519 उसके नाम दर्ज कागजात भूमि है। उसके बगल की भूमि के स्वामी उसकी भूमि में बढ़कर निर्माण करने का प्रयास करने लगे। जिस पर उसने दीवानी न्यायालय का शरण लिया। बीते 4 फ़रवरी को न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश पारित किया गया।

पीड़ित ने बताया कि न्यायालय के आदेश की कांपी उसने थाना व चौकी पर उपलब्ध करवा दी। उसके बावजूद भी पुलिस ने निर्माण कार्य नही रोंका। आरोप है कि उपजिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष परसपुर व आर आई को न्यायालय के आदेश का अनुपालन कराने का निर्देश दिया। फिर पुलिस व राजस्व कर्मियों द्वारा आदेश का अनुपालन नहीं कराया जा रहा है।

पीड़ित ने बताया कि विवादित भूमि पर तेजी से निर्माण चल रहा है। शाहपुर पुलिस चौकी प्रभारी सत्येंद्र वर्मा ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में है निर्माण कार्य रोंका जा रहा है।