बाढ़ प्रभावित गांवों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से वितरित किये गये पम्पलेट
बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जिलाधिकारी कृतिका शर्मा के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) अमरेन्द्र कुमार वर्मा की अध्यक्षता में तहसील जमुनहा के सभागार में राहत चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में अपर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधानों से सीधा संवाद किया उनकी समस्याएं सुनी और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रधान द्वारा बतायी गई समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, आपदा मित्रों एवं ग्राम वासियों से सहयोग की अपील की। इसके अतिरिक्त सभी को बाढ़ विवरणिका व बाढ़, बाढ़ के बाद, व वज्रपात के दौरान क्या करें क्या न करें का जागरूकता पंपलेट भी जारी किया गया, जिसे सभी उपस्थित जनसमुदाय को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) ने बताया कि जिले में जमुनहा तहसील बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित होती है, इसलिए सभी ग्रामवासी बाढ़ की पूर्व सूचना मिलने पर गांव से निकटवर्ती बाढ़ शरणालय पर पहुंचे। सभी को बाढ़ विवरणिका प्रदान की गयी है जिसमें सभी महत्वपूर्ण मोबाइल नम्बर हैं, जिनका प्रयोग किसी भी आपदा के समय किया जा सकता है, प्रशासन पूरी तरह से तैयार है आप सभी भी आपदा के समय के सहयोग करें। आपदा मित्र व जनप्रतिनिधि दामिनी ऐप और सचेत ऐप का प्रयोग जरूर करें। उपजिलाधिकारी जमुनहा रामप्यारे ने अपर जिलाधिकारी को तहसील स्तर पर बाढ़ की तैयारियों से अवगत कराया कि तहसील जमुनहा के 13 गांव बाढ़ से सबसे पहले प्रभावित होते हैं, इसलिए पूर्व सूचना का विशेष महत्व है। इसके अलावा समस्त तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। कार्यक्रम का संचालन आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने किया।
चौपाल में प्रधान शिकारी चौड़ा कुलदीप वर्मा, प्रधान संगमपुरवा राजकुमार, प्रधान कलकलवा अजय कुमार वर्मा, प्रधान हरिहरपुर करनपुर सुधीर सिंह ने अपने ग्राम के संबंध में समस्याओं से अपर जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस चौपाल में आपदा मित्र विवेक श्रीवास्तव, पेशकार यादव, आपदा सखी दीपकला मिश्र ने अपनी तैयारियों के विषय अवगत कराया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी न्यायिक संजय राय, तहसीलदार जमुनहा अहमद फरीद खान, नायब तहसीलदार शुभम तिवारी, खण्ड विकास अधिकारी जमुनहा एस0पी0 सिंह सहित राजस्व, पुलिस, विकास विभाग के तहसील स्तरीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।