दीपों से सजाया गया जम्मू का राम आश्रम

धारा 370 हटने के 4 वर्ष पूरे होने पर किया भव्य कार्यक्रम

बदलता स्वरूप ब्यूरो

जम्मू कश्मीर। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण होने और अनुच्छेद 370 के खत्म होने के 4 साल पूरा होने पर जम्मू शहर के पीर खो स्थित राम आश्रम में भव्य कार्यक्रम किया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा कि साल 2019 से जम्मू कश्मीर में विकास की गंगा चल पड़ी है। आतंकवादी गतिविधियां कम हुई हैं, पर्यटक व दर्शनार्थियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। सरकार के कामकाज से आम लोगों में खुशी का माहौल है। इस मौके पर राम आश्रम को दीपों से सजाया गया और उपस्थित गणमान्य व साधुओं ने एक दूसरे को मिठाईयां खिलाते हुए गले मिलकर बधाइयां दी। कार्यक्रम में जम्मू कश्मीर के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री कविंदर गुप्ता, प्रदेश उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी, महापौर जम्मू भाई राजेंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री प्रिया सेठी मौजूद रहीं। इसके अलावा शहर के वार्ड नंबर 3 के अध्यक्ष अमित खन्ना, बूथ अध्यक्ष संजय शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष अनुराधा, सरोज गुप्ता, कुलदीप शर्मा राजेंद्र शर्मा, व्यापारी नरोत्तम शर्मा, लकी मेहरा आदि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन राम आश्रम के महंत केशव शुक्ला ने किया उन्होंने बताया कि बीते कई वर्षों से राम आश्रम पर 5 अगस्त को दीपोत्सव का कार्यक्रम हो रहा है, इसमें आम लोगों के साथ साधु संत भी मौजूद रहते हैं। महंत केशव शुक्ला ने अपने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि अभी हाल में मैं अपने गृह जनपद उत्तर प्रदेश के जिला गोंडा गया हुआ था और वहीं से 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित भगवान श्री राम की जन्मभूमि पर पहुंचकर प्रभु का दर्शन कर वहां की भव्यता देख हृदय अभिभूत हो गया। प्रभु श्री राम का जो मंदिर अयोध्या में बन रहा है और जिस प्रकार से वहां विकास का कार्य चल रहा है, आने वाले समय में पूरे विश्व का पर्यटन व धार्मिक नगरी की दृश्य से पहला स्थान साबित होगा।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ लोगों ने प्रोफेसर जीवन धर की लिखी पुस्तक का विमोचन भी किया। इस पुस्तक में धारा 370 को लेकर आम लोगों के बीच जो भ्रांतियां हैं उसे दूर किया गया है। कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नेताओं एवं साधु समाज ने प्रोफेसर जीवन धर को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।