01 नवम्बर से 42 धान क्रय केन्द्रों पर खरीद होगी प्रारम्भ-जिलाधिकारी

बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जिलाधिकारी कृतिका शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी धान खरीद के सम्बन्ध में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी क्रय केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिया है कि धान क्रय केन्द्र पर धान बेचने आने वाले किसानों को कोई दिक्कत न होने पावे, इसका सभी केन्द्र प्रभारी ध्यान रखेंगे और धान क्रय केन्द्रों पर इसके लिए सभी तैयारियां पहले से ही दुरूस्त कर ली जाएं, ताकि धान बेचने आये किसानों को कोई दिक्कत न होने पाये। और जिले में संचालित किसी भी मिल की जांच से पूर्व अनुमति लेनी होगी।
उन्होने बताया कि 01 नवम्बर, 2023 से जिले में स्थापित किये गये 42 धान क्रय केन्द्रों पर खरीद प्रारम्भ कर दी जायेगी। किसान भाई अपनी धान की बिक्री हेतु विभाग की वेबसाइट पर आनलाइन पंजीकरण अनिवार्य रूप से करा लें, ताकि उन्हें धान बेचने में कोई दिक्कत न होने पावे। प्रत्येक क्रय केन्द्र पर धान का एक मानक नमूना भी प्रदर्शित किया जायेगा। प्रत्येक क्रय केन्द्र पर 02 इलेक्ट्रानिक कांटा, 01 नमी मापक यंत्र, विनोईंग फैन एवं पॉवर डेस्टर व डबल जाली का छलना आवश्यक रूप से रखा जायेगा। यदि कृषक का धान निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं है एवं धान की छनाई एवं सफाई की आवश्यकता समझी जाती है तो धान की उतराई, छनाई एवं सफाई का कार्य कृषक स्वयं कर सकेगें। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान क्रय केन्द्रों पर धान बिक्री हेतु कृषक को खाद्य विभाग के पोर्टल www.fcs.up.gov.in पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। यह पंजीकरण कृषक द्वारा स्वयं अथवा लोकवाणी/जनसेवा केन्द्र के माध्यम से कराया जा सकेगा।
       धान बिक्री के समय क्रय केन्द्रों पर किसान के स्वयं उपस्थित न होने की दशा में किसान द्वारा पंजीकरण के समय अपने पंजीकरण प्रपत्र में दिये गये परिवार के सदस्य का बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण कराते हुए धान क्रय किया जायेगा। समस्त क्रय संस्थायें अपने संसाधन से कम्प्यूटर/लैपटाप, आईपैड, इन्टरनेट कनेक्शन व इस निमित्त अन्य आवश्यक आधारभूत व्यवस्थायें समय से करेंगी। धान खरीद का प्रत्येक विवरण ई-उपार्जन मॉड्यूल पर फीड करना होगा, केवल उसी खरीद को मान्यता दी जायेगी, जो ऑनलाइन फीड होगी। ऑफलाइन खरीद किसी भी दशा में स्वीकार नहीं की जायेगी। समस्त क्रय एजेन्सियों द्वारा किसानों से क्रय धान के मूल्य का भुगतान भारत सरकार के पी0एफ0एम0एस0 पोर्टल के माध्यम से किसानों के बैंक खाता सत्यापन के पश्चात् यथा संभव 48 घण्टे के अन्तर्गत उनके बैंक खाते में सुनिश्चित कराया जायेगा। जिलाधिकारी ने खरीद एजेन्सियों के जिला प्रबन्धक एवं उनके क्रय केन्द्र प्रभारियों को निर्देश दिया है कि सरकार के मंशानुरूप पूरे पारदर्शिता के साथ वे कार्य करेंगें, यदि किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बरतने की शिकायत मिली तो सम्बन्धित एजेन्सी के जिला प्रबन्धक पर भी कार्यवाही की जायेगी।
बैठक में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में मूल्य समर्थन योजना के अन्तर्गत धान श्रेणी कामन हेतु रू0 2183 तथा ग्रेड-ए हेतु रू0 2203/प्रति कुं0 समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 के अन्तर्गत जनपद में धान खरीद 01 नवम्बर, 2023 से प्रारम्भ होकर 29 फरवरी, 2023 तक चलेगी। धान उत्पादन का सर्वेक्षण व आंकलन कृषि विभाग से प्राप्त हो गया है।

किसान पंजीयन व क्रय योजना का प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। अबतक जनपद में कुल 438 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया गया है, जिसके सापेक्ष 55 किसानों का सत्यापन हो गया है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी(वि/रा) अमरेन्द्र कुमार वर्मा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी प्रज्ञा शर्मा, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबन्धक सहकारिता, मण्डी सचिव कृषि उत्पादन मण्डी समिति भिनगा, बॉट-माप निरीक्षक, जिला प्रबन्धक पी0सी0एफ0, यू0पी0एस0एस0, एफ0सी0आई0 सहित समस्त धान एवं मक्का क्रय केन्द्र प्रभारी उपस्थित रहे।