बदलता स्वरूप श्रावस्ती। भारत सरकार द्वारा निर्धारित यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए जनसमुदाय में विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने और महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं से पात्रजनों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से ’’आयुष्मान भवः’’ अभियान का महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राजभवन से वर्चुअल माध्यम से शुभारम्भ किया गया। जिसका सजीव प्रसारण जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, जिलाधिकारी कृतिका शर्मा एवं विधायक भिनगा के प्रतिनिधि अरमान वर्मा की उपस्थिति में देखा व सुना गया।इसी के तहत ’’आयुष्मान भवः’’ अभियान का कलेक्ट्रेट सभागार में अध्यक्ष जिला पंचायत, जिलाधिकारी एवं विधायक भिनगा प्रतिनिधि द्वारा द्वीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया गया। इस दौरान आयुष्मान योजना के 05 लाभार्थियों को अध्यक्ष, जिलाधिकारी एवं मा0 विधायक भिनगा के प्रतिनिधि द्वारा आयुष्मान कार्ड (गोल्डेन कार्ड) तथा टी0बी0 रोग से ग्रसित 05 मरीजों को पूर्णतया स्वस्थ्य होने पर ’’टी0बी0 चैम्पियन’’ के रूप में प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा 05 निक्षय मित्रों को उनके बेहतर कार्य के लिए प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया और आगे भी ऐसे पूरे मनोयोग से काम कर टी0बी0 मरीजों के हित में कार्य करने का आह्वान भी किया।इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत ने कहा कि देश एवं प्रदेश सरकार द्वारा जन-जन को स्वस्थ्य रखने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। जिसके तहत आज देश की महामहिम राष्ट्रपति महोदया आयुष्मान भव अभियान का शुभारम्भ किया गया है। इस अभियान के तहत पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से अंतिम पायदान पर खड़े आखिरी व्यक्ति तक स्वास्थ्य योजनाओं को पहुंचाना है। जिलाधिकारी ने बताया कि ’’आयुष्मान भवः’’ अभियान के तहत पात्रजनों को स्वास्थ्य योजनाओं से आच्छादित किया जायेगा। जिसके तहत 17 सितंबर, 2023 को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर समस्त सी0एच0सी0 एवं हेल्थ एण्ड वेलनेस केन्द्रों पर ’’सेवा पखवाड़ा’’ चलाया जायेगा। जिसमें स्वास्थ्य मेले लगाकर आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान से आच्छादित पात्र परिवारों को योजना का लाभ देने एवं परिवार के प्रत्येक सदस्य को आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओ और सेवाओं के बारें में जागरूकता बढ़ाने के लिए ग्राम/वार्ड स्तर पर 02 अक्टूबर, 2023 को आयुष्मान सभा का आयोजन किया जायेगा। आयुष्मान ग्राम पंचायत से उन ग्राम पंचायतांे को सम्मानित किया जायेगा जो निर्धारित मानक को शत-प्रतिशत पूर्ण किया जायेगा। इसके अलावा अभियान के अन्तर्गत आयुष्मान आपके द्वार 3.0, आयुष्मान मेला, आयुष्मान सभा तथा आयुष्मान ग्राम पंचायत/आयुष्मान नगरीय वार्ड के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। जिससे आम जनमानस को सरकार की योजनाओं से आच्छादित किया जायेगा। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0पी0 सिंह, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 उदयनाथ, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पी0के0 दास, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद भिनगा डा0 अनीता शुक्ला, आपदा विशेषज्ञ अरूण कुमार उपस्थित रहे।
