किसान का माला पहनकर किया स्वागत
बदलता स्वरूप बलरामपुर। जनपद में वर्तमान सत्र में धान खरीद प्रारंभ हो चुकी है।
मंडी समिति बलरामपुर में खाद्य विभाग के क्रय केंद्र पर धान खरीद का शुभारंभ जिलाधिकारी अरविंद सिंह द्वारा फीता काटकर एवं धान बेचने आए किसान को माला पहनाकर एवं मीठा खिलाकर किया गया। इस दौरान उन्होंने किसान अरुण सिंह ग्राम उदईपुर एवं सिद्धार्थ ओझा ग्राम जुगराजपुर से वार्ता किया एवं क्रय केंद्र पर मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि धान क्रय केंद्र पर आए कृषक भाइयों से अच्छा व्यवहार एवं सुगम प्रक्रिया के साथ खरीद किया जाए जिससे धान विक्रय के बाद किसान बंधुओ को सुखद अनुभूति हो। इस दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कांटा, ई पाज मशीन, मॉइश्चर मशीन, बोरियों की उपलब्धता तथा विभिन्न रजिस्टरों का जायजा लिया गया। उन्होंने अपने समक्ष मॉइश्चर मशीन से धान की नमी मापने का अवलोकन किया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में धान खरीद को पारदर्शी एवं सुविधाजनक रूप से संपन्न कराए जाने हेतु व्यापक स्तर पर पूर्व में ही सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए जाने के लिए अभियान चलाया गया। सभी क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक इक्विपमेंट की व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लिए जाने का कड़े निर्देश दिए गए। इस वर्ष किसानों की सुविधा के दृष्टिगत चार क्रय केंद्र और खोले गए हैं, जनपद में 42 क्रय केंद्रों पर खरीद हो रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर पारदर्शी एवं सुचितापूर्ण ढंग से धान खरीद सुनिश्चित किए जाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन द्वारा क्रय केंद्र पर आवांछनीय तत्व ना शामिल हो इसके लिए कड़ी नजर रखी जा रही है। धान खरीद में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित क्रय केंद्र क्रय केंद्र प्रभारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार, डिप्टी आरएमओ नरेंद्र तिवारी, मंडी सचिव व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।