विधि विधान से हुआ माता पार्वती व शिव का विवाह

जमुनहा श्रावस्ती

महाशिवरात्रि के पर्व पर जमुनहा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर गाजे बाजे व भूत पिशाच के संग भगवान शिव की बारात निकाली गई। जहां देर रात्रि को विधि विधान से माता पार्वती के साथ विवाह सम्पन्न हुआ।
महाशिवरात्रि पर्व पर शनिवार की देर रात्रि को जमुनहा बाजार के श्रीराम जानकी मंदिर से मंदिर के संरक्षक हरीश जायसवाल गांधी व अध्यक्ष रामू हिन्दुस्तानी के नेतृत्व में भगवान शंकर को बारात निकली। बारात में युवाओं ने भक्ति गीतों पर अबीर गुलाल उड़ाते हुए जमकर डांस किया। यहां से बस स्टैंड चौराहा, कटहल लाइन, गांधी चौक, भरत मिलाप तिराहा, रानीपुरवा, वासुदेव चौराहा, होलिका दहन स्थल से होते हुए जमुनहा गांव स्थित मंदिर पर बारात पहुंची। जहां ग्रामवासियों व श्रीगणेश पूजा कमेटी के सदस्यों ने अबीर गुलाल के साथ पुष्प वर्षा कर बारातियों का भव्य स्वागत किया। इसके बाद महिलाओं द्वारा पचरा, विवाह गीत गाते हुए शिव पार्वती का विवाह हुआ। एक दूसरे को वरमाला पहनाते ही भगवान व माता के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान हो गया। इस दौरान बारातियों ने विभिन्न व्यंजनों का लुत्फ उठाया।
इसी प्रकार बरगदहा, वीरगंज आदि स्थानों पर भी शिव पार्वती विवाह के साथ विभिन्न भक्ति झांकी दिखाई गई। इस मौके पर पारसनाथ मौर्य, हिमांशु गुप्ता, विशाल गुप्ता,कन्हैया गुप्ता, गौरव गुप्ता, नंदू वर्मा, अरविन्द वर्मा, सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे। इस दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक रामपाल यादव पुलिस बलों के साथ सुरक्षा को मौजूद थे।