उत्तराखंड में दुर्घटना के शिकार हुए श्रमिक के परिवार से मिला जिला प्रशासन

बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जनपद श्रावस्ती से उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में कार्य करने गये युवक भरत की दुर्घटना में मृत्यु हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर राहत आयुक्त कार्यालय से प्राप्त निर्देश के अनुक्रम में एसडीएम भिनगा पीयूष जायसवाल, आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र लेखपाल मनोराम को जिलाधिकारी कृतिका शर्मा द्वारा संबंधित परिवार से मिलने के लिए निर्देशित किया गया। वहीं राहत आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश पर जनपद सहारनपुर के आपदा विशेषज्ञ पंकज मिश्र को उत्तराखंड घटना स्थल की ओर रवाना कर दिया गया। श्रमिक के गांव पहुंची जिला प्रशासन टीम ने परिवार को साहस बंधाया और उन्हें हर प्रकार से सहयोग का आश्वासन भी दिया। श्रमिक के मृत्यु से पूरे गांव में शोक की लहर है। अभी इससे पूर्व दीपावली के समय 12 नवंबर को सिल्क्यारा उत्तराखंड में घटी टनल दुर्घटना में श्रावस्ती के 6 श्रमिक फंसे थे और अब होली के उपरान्त यह दुर्घटना घट गयी।
श्रमिक परिवार से मिलकर लौटे उपजिलाधिकारी पीयूष जायसवाल ने बताया कि संबंधित श्रमिक के पिता उसके साथ ही कार्य करते थे। स्व0 भरत की उम्र 21 वर्ष थी और वह अविवाहित थे। इनके एक अन्य भाई व बहिन हैं। पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। आपदा विशेषज्ञ अरुण कुमार मिश्र ने बताया कि घटना की सूचना लगभग 11.30 पर प्राप्त होते ही राहत आयुक्त कार्यालय को सूचित किया गया। पहले परिजन सही स्थिति व घटना स्थल की जानकारी नही दे पा रहे थे, इस पर परियोजना निदेशक (आपदा) द्वारा राज्य स्तरीय समन्वय कर घटना की जानकारी ली गयी और सहारनपुर के आपदा विशेषज्ञ को घटनास्थल की ओर तत्काल रवाना कर दिया गया। वर्तमान में शव को एंबुलेंस के माध्यम से श्रावस्ती लाया जा रहा है।