लालगंज, प्रतापगढ़। लीलापुर थाना क्षेत्र के बलीपुर परसन गांव में शुक्रवार सुबह खेत में फसल की सिंचाई करने गये वृद्ध की करंट की चपेट मे आने से मौत हो गयी। वहीं उसे बचाने मे एक युवक झुलस गया। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इंकार किया है। लीलापुर थाना क्षेत्र के चमरूपुर ग्रामसभा अर्न्तगत बलीपुर परसन निवासी मेवालाल पाण्डेय 70 घर पर रहकर खेती का कार्य करता था। वह शुक्रवार की सुबह करीब सवा आठ बजे खेत में अपनी सब्जी की फसल की सिंचाई करने गया था। वह सिंचाई के लिए खेत मे पाइप लगा रहा था कि इसी बीच खेत किनारे लगे विद्युत पोल के स्टे में उतरे करंट की चपेट मे आ गया। कुछ देर बाद उसकी पत्नी तारावती वहां पहुंची तो खेत में मेवालाल को पड़ा देख चीखने लगी। शोर सुनकर गांव के शिवांशु पाण्डेय 22 पुत्र प्रेमनाथ पाण्डेय वहां पहुंचा और वृद्ध को उठाना चाहा तो वह भी करंट की चपेट मे आने से झुलस गया। जानकारी होते ही ग्रामीणों की सूचना पर विद्युत आपूर्ति बंद करायी गयी। इसके बाद लोग मेवालाल व शिवांशु को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने मेवालाल को मृत घोषित कर दिया। वही शिवांशु का इलाज जारी है।
मेवालाल की मौत की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के दो पुत्र मनीष व आशीष तथा दो पुत्रियां मंजू व संगीता है। सभी विवाहित हैं। परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक के दोनों पुत्र मुम्बई में प्राइवेट नौकरी करते हैं। उन्हें सूचना दी गयी है उनके आने के बाद शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। मामले मे एसओ सुभाष यादव का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी नही है, तहरीर मिलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal