बहराइच 16 अप्रैल। नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 अन्तर्गत प्रत्याशियों के चुनाव में खर्च के लिए विभिन्न मदों हेतु प्रस्तावित दरों पर चर्चा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने बताया कि विघानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 हेतु निर्धारित दरों में 05 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए नगर निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 हेतु दरों का निर्धारण किया गया। बैठक में मौजूद राजनैतिक दलों द्वारा जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित दरों पर सहमति जतायी गई। जबकि बैठक में मौजूद विभिन्न दलों के पदाधिकारियों को निर्धारित की गई दरों की प्रति भी उपलब्ध कराई गई।
राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ आहूत बैठक में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र ने 1300 से अधिक मतदाता वाले मतदेय स्थलों पर सहायक मतदेय स्थल बनाये जाने तथा मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत नगर पालिका परिषद बहराइच एवं नानपारा तथा नगर पंचायत पयागपुर में बूथों के संशोधन प्रस्तावों पर के बारे में भी विवरण प्रस्तुत किया। प्रस्तावों पर चर्चा के दौरान राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों द्वारा जिला प्रशासन द्वारा तैयार किये गये प्रस्तावों पर सहमति प्रदान करते हुए इसे मतदाताओं के लिए उपयोगी बताया गया। डीएम डॉ. चन्द्र ने सभी राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए स्पोर्ट्स मैन स्प्रिट के साथ निर्वाचन में प्रतिभाग करें तथा नगर निकाय निर्वाचन को स्वतन्त्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में जिला प्रशासन को सहयोग प्रदान करें।
इस अवसर पर एडीएम अनिरूद्ध प्रताप सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी अवधेश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट शालिनी प्रभाकर, उप जिलाधिकारी सदर सुभाष सिंह, नानपारा अजीत परेस, वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक कुमार प्रजापति, सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) पी.एल.भार्गव व अन्य सम्बन्धित अधिकारी, भाजपा से रणविजय सिंह, श्रवण कुमार, सपा से जफर उल्ला खां बंटी, कांग्रेस से गोपीनाथ, आरएलडी से डॉ अजीमुल्ला, एनसीपी से राजेश कुमार श्रीवास्तव, कम्यूनिस्ट पार्टी से सै. महमूद अली कादरी, बसपा से सुखराम प्रजापति सहित अन्य सम्बंधित मौजूद रहे।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal