बदलता स्वरूप अयोध्या। श्री कृष्ण जन्माष्टमी गणेश पूजा के साथ-साथ दुर्गा पूजा एवं रामलीला महोत्सव आरंभ होने में अब मात्र कुछ समय ही शेष है लेकिन नगर में चल रही निर्माण गतिविधियों की जो रफ्तार है उससे इस बार जनपद के इस सबसे बड़े पर्व के अनेक दुश्वारियां के बीच संपन्न होने की प्रबल आशंका है, यह उद्गार केंद्रीय दुर्गा पूजा एवं रामलीला समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज जायसवाल के हैं। जो केंद्रीय समिति के प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी अयोध्या से मिलकर आगामी त्योहारों से संबंधित समस्याओं से उन्हें अवगत करा रहे थे। मनोज जायसवाल ने जिलाधिकारी को आगामी त्योहारों के 6 सितंबर से प्रारंभ होने की जानकारी देने साथ ही नगर की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराते हुए फतेहगंज रेलवे क्रॉसिंग के बगल बनने वाली 14 फीट की सर्विस रोड को संभावित 13 सितंबर को निकलने वाली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी विसर्जन शोभायात्रा से पूर्व बनाने की मांग की। उन्होंने आगे जिलाधिकारी को बताया कि इसी मार्ग से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी और दुर्गापूजा की विसर्जन शोभायात्रा साथ-साथ रामलीला की शोभायात्रा भी निकलती है। सिक्ख एवं सिंधी समाज की शोभायात्राओं का भी यही मार्ग है। फतेहगंज की अति प्राचीन रामलीला स्थल एवं दो परंपरागत दुर्गापूजा स्थल भी ओवरब्रिज निर्माण के कारण प्रभावित हो रहे है इसीलिए कार्यों में तेजी लाकर समय से उनको पूर्ण करवाना अत्यंत आवश्यक है। सहादतगंज से नया घाट अयोध्या तक निर्माणाधीन रामपथ पर भी कई जगहों पर परंपरागत रूप से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी,गणेश पूजा एवं दुर्गापूजा की स्थापना की जाती रही है, इन आयोजनों के विसर्जन शोभायात्रा के साथ ही साहबगंज, चौक, कोठापार्चा,हैदरगंज आदि रामलीला कमेटी द्वारा प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा भी रामपथ के मार्ग पर निकाली जाती है जिसको समय रहते ठीक करना अति आवश्यक है। इसी के साथ नगर की अधिकांश गलियों में सीवर लाइन डालने का कार्य चल रहा है। पूजा के दौरान मूर्तियों को लाने और विसर्जन के लिए ले जाने के लिए लगभग सभी गलियों के मार्ग का इस्तेमाल होता है इसलिए उन्होंने सभी गलियों में समय से कार्य पूर्ण करवाकर मार्ग को समतल करवाने की मांग जिलाधिकारी के समक्ष रखी। प्रतिनिधिमंडल को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने समय से सभी समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में शामिल केंद्रीय समिति के प्रमुख संरक्षक विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि त्योहारों में लाखों की संख्या में श्रद्धालुगण नंगे पैर नगर में आते है और इस बार मंदिर निर्माण की वजह से और ज्यादा भीड़ आने की संभावना है इसके लिए पहले से तैयारी बहुत ही आवश्यक है। विद्युत पोलो को भी समय रहते शिफ्ट कर दिया जाए जिससे त्योहार के समय विद्युत कटौती का सामना ना करना पड़े। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय समिति के सह-संयोजक गगन जायसवाल, रामलीला प्रभारी प्रेमनाथ राय, पुलिस विभाग समन्वयक जे एन चतुर्वेदी, विद्युत विभाग प्रभारी सुप्रीत कपूर, ग्रामीण क्षेत्रों के प्रभारी ध्रुव गुप्ता, मीडिया प्रभारी बजरंगी साहू, तरुण गुप्ता आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे।
