जिला जज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना की राष्ट्रीय लोक अदालत प्रचार वैन

बदलता स्वरूप गोण्डा। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन जनपद-न्यायालय एवं समस्त तहसील स्तर पर किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गोण्डा के सचिव नितिन श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार प्रसार हेतु राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रचार वाहन की व्यवस्था की गयी है। राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार प्रसार हेतु प्रचार वाहन को जनपद न्यायाधीश ब्रजेन्द मणि त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी डाॅ0 दीनानाथ अपर जिला जज सहित जनपद न्यायालय गोण्डा के सम्मानित न्यायिक अधिकारीगण उपस्थित रहे। जिला जज द्वारा गुरुवार को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। प्रचार वाहन जनपद गोण्डा के समस्त तहसीलों, सम्बन्धित तहसील के सार्वजनिक स्थानों आदि पर संलग्न रूट चार्ट के अनुसार पंहुच कर आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का प्रचार सुनिश्चित करेगी।

जनपद न्यायाधीश ने बताया कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में प्रचार वाहन के माध्यम से विभिन्न प्रकार के मामलों के निस्तारण हेतु जन जागरूकता की जायेगी, जैसे यातायात, लघु आपराधिक प्रकरण, नगर पालिका आदि से सम्बन्धित मामलों एवं बैंक मामले, धारा 138 पराक्रम लिखित अधिनियम वाद आदि लम्बित एवं प्री-लिटिगेशन मामले के साथ-साथ आवश्यकतानुरूप सभी सुलह योग्य आपराधिक वादों, सिविल वादों, भूमि अधिग्रहण वादो, मोटर दुर्घटना प्रतिकर मामले, पारिवारिक वादों, स्टाम्प वादों, उपभोक्ता फोरम वादों, श्रम मामलों, माध्यस्थम प्रकरणों, नगरपालिका टैक्स वसूली मामलों आदि को पक्षकारों की सहमति से लिया जा सकता है।