बदलता स्वरूप बलरामपुर। भारतीय साहू राठौर महासभा के संयोजन में भगवान जगन्नाथ और कर्मा देवी जन जागृति अधिकार रथ यात्रा रविवार देर शाम तुलसीपुर पहुंची। जहां पर शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर मंहत मिथलेश नाथ योगी व पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने रथ यात्रा का स्वागत कर भगवान जगन्नाथ की पूजा की। महासभा के पदाधिकारियों ने तुलसीपुर नगर भ्रमण कर समाज के लोगों को एकजुट होने की अपील की।
शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर महंत मिथलेश नाथ योगी ने यात्रा में शामिल सभी लोगों का मंदिर पर स्वागत किया। कहा कि इससे तेली समाज में एकजुटता आएगी। पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने यात्रा में शामिल लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। साथ ही भगवान जगन्नाथ व मां कर्मा देवी का पूजन किया। पूर्व सांसद ने कहा कि ऐसी यात्राएं समाज को एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। यात्रा का उद्देश्य अपने समाज के लोगों को एकजुट करने का है। उन्होंने कहा कि वह यात्रा की सफलता के लिए साहू राठौर महासभा के पदाधिकारियों को बधाई देते हैं।
महासभा के जिलाध्यक्ष डा. केएम गुप्ता ने बताया कि यह रथयात्रा गत पांच सितंबर को झांसी से भारतीय तैलिक साहू राठौर समाभा के संयोजन में निकाली गई थी। प्रदेश भ्रमण के बाद 25 नवंबर को लखनऊ में तेली समाज द्वारा महारैली का आयोजन किया जाएगा। रैली में समाज के लोग राजनीति के क्षेत्र में अपने हक के लिए आवाज बुलंद करेंगे। यात्रा का स्वागत करने वालों में भाजपा नेता विनय प्रकाश त्रिपाठी, राज्यमंत्री राकेश राठौर के प्रतिनिधि राजन साहू, युवा कार्यवाहक अध्यक्ष रंजीत साहू सहित भारी संख्या में लोग शामिल थे।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal