बदलता स्वरूप अयोध्या। मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अनीता यादव की अध्यक्षता में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वालम्बन हेतु आगामी शारदीय नवरात्र के पर्व पर मिशन शक्ति के विशेष अभियान (फेज-04) की तैयारियों के सम्बंध में अभियान से जुड़े सभी विभाग के अधिकारियों के साथ एक आवश्यक बैठक विकास भवन में सम्पन्न हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने शासन द्वारा जारी शासनादेश के अन्तर्गत सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ इस अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिये। इसमें उन्होंने शिक्षा, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नगर विकास, युवा कल्याण, राजस्व, पुलिस विभाग, महिला कल्याण, संस्कृति एवं सूचना सहित आदि विभागों से सम्बंधित अधिकारियों को अभियान में सौपे गये दायित्वों का निर्वाहन करने के निर्देश दिये। गौरतलब है कि मिशन शक्ति के विशेष अभियान के अन्तर्गत दिनांक 14 अक्टूबर 2023 को प्रातः 08ः30 बजे से एक से डेढ़ घंटे के लिए जनपद मुख्यालयों में चारपहिया एवं दोपहिया वाहनों से जागरूकता रैली निकाले जाने के निर्देश दिये गये है, इसके क्रम में जनपद में पुलिस लाइन से सभी सम्बंधित विभागों से समन्वय करते हुये 8ः30 बजे से जागरूकता रैली निकाली जायेगी। बैठक में जिला विकास अधिकारी श्री उपेन्द्र पाल सिंह सहित अन्य सम्बंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal