शत्रु पर विजय प्राप्त करने का उत्सव पर्व है विजयादशमी-ज्योतिष गुरू पंडित अतुल शास्त्री

बदलता स्वरूप न्यूज़। भारतीय संस्कृति सदा से ही वीरता व शौर्य की समर्थक रही है। यदि कभी युद्ध अनिवार्य ही हो तब शत्रु के आक्रमण की प्रतीक्षा ना कर उस पर हमला कर उसका पराभव करना ही कुशल राजनीति है। अत: प्रत्येक व्यक्ति और समाज में वीरता का उदय हो इसी वजह से दशहरे का उत्सव मनाया जाता है। ऐसा विश्वास है कि इस दिन जो कार्य आरम्भ किया जाता है उसमें विजय मिलती है। भगवान श्री राम ने भी रावण से युद्ध हेतु इसी दिन प्रस्थान किया था। दशहरा का पर्व दस प्रकार के पापों- काम, क्रोध, लोभ, मोह मद, मत्सर, अहंकार, आलस्य, हिंसा और चोरी के परित्याग की सद्प्रेरणा प्रदान करता है।

दशहरा 2023 पर बन रहे हैं ये शुभ संयोग। इस साल दशहरा पर रवि योग और वृद्धि योग का संयोग बन रहा है। रवि योग 24 अक्टूबर 2023 को दोपहर 3 बजकर 28 मिनट तक रहेगा। वहीं वृद्धि योग 24 अक्टूबर को दोपहर 3 बजकर 40 मिनट से पूरी रात रहेगा। रवि योग में पूजा करने से जीत और तरक्की मिलती हैं, जबकि वृद्धि योग में पूजा करने से कई गुना अधिक शुभ फलों की प्राप्ति होगी। दशहरा के दिन दोपहर 1 बजकर 36 मिनट से लेकर दोपहर 2 बजकर 21 मिनट तक विजय मुहूर्त रहेगा। इस बीच आप कोई भी कार्य करके अपनी जीत सुनिश्चित कर सकते हैं।ज्योतिषाचार्य पंडित अतुल शास्त्री का कहना है, ‘’हमारे भारतवर्ष में दशहरे को विजयदशमी भी कहते हैं और इसके कई कारण हैं। पहला कारण रामायण में उल्लिखित भगवान श्री राम जी का रावण पर विजय प्राप्त करना है। इसी दिन भगवान रामचंद्र चौदह वर्ष का वनवास भोगकर तथा रावण का वध कर अयोध्या पहुँचे थे। इसलिए इस पर्व को ‘विजयादशमी’ कहते हैं। दूसरी वजह है आदिशक्ति माँ भगवती, कहते हैं इस पर्व को माँ भगवती के ‘विजया’ नाम पर भी ‘विजयादशमी’ कहते हैं। तीसरी वजह है लोकाचार। ऐसा माना जाता है कि आश्विन शुक्ल दशमी को तारा उदय होने के समय ‘विजय’ नामक मुहूर्त होता है। यह काल सर्वकार्य सिद्धिदायक होता है इसलिए इसे विजयादशमी कहते हैं। ऐसी मान्यता है कि शत्रु पर विजय पाने के लिए इसी समय प्रस्थान करना चाहिए। इस दिन श्रवण नक्षत्र का योग और भी अधिक शुभ माना गया है। युद्ध करने का प्रसंग न होने पर भी इसी काल में महत्त्वपूर्ण पदों पर पदासीन लोगों को सीमा का उल्लंघन करना चाहिए। विजयादशमी के दिन भगवान रामचंद्रजी के लंका पर चढ़ाई करने के लिए प्रस्थान करते समय शमी वृक्ष ने ही भगवान की विजय का उद्घोष किया था इसीलिए विजयकाल में शमी पूजन होता है। दशहरा अथवा विजयदशमी राम की विजय के रूप में मनाया जाए अथवा दुर्गा पूजा के रूप में, दोनों ही रूपों में यह शक्ति पूजा का पर्व है। हर्ष और उल्लास तथा विजय का पर्व है। देश के कोने-कोने में यह विभिन्न रूपों में मनाया जाता है। महाराष्ट्र में नवरात्रि के नौ दिन माँ दुर्गा को समर्पित हैं, जबकि दसवें दिन ज्ञान की देवी सरस्वती की वंदना की जाती है। इस दिन विद्यालय जाने वाले बच्चे अपनी पढ़ाई में आशीर्वाद पाने के लिए मां सरस्वती के तांत्रिक चिह्नों की पूजा करते हैं। किसी भी चीज को प्रारंभ करने के लिए खासकर विद्या आरंभ करने के लिए यह दिन काफी शुभ माना जाता है। महाराष्ट्र में इस दिन विवाह, गृह-प्रवेश एवं नया घर खरीदना काफी शुभ माना जाता है। गुजरात में मिट्टी से बना सुशोभित रंगीन घड़ा देवी का प्रतीक माना जाता है और इसको कुंवारी लड़कियां सिर पर रखकर एक लोकप्रिय नृत्य करती हैं जिसे गरबा कहते हैं। गरबा नृत्य इस पर्व की शान है। पुरुष एवं स्त्रियां दो छोटे रंगीन डंडों को संगीत की लय पर आपस में बजाते हुए घूम घूम कर नृत्य करती हैं। इस अवसर पर भक्ति, फिल्म तथा पारंपरिक लोक-संगीत, सभी का समायोजन होता है। नवरात्रि में सोने और गहनों की खरीद को शुभ माना जाता है। पंजाब में दशहरा नवरात्रि के नौ दिन का उपवास रखकर मनाते हैं।

इस दौरान यहां आगंतुकों का स्वागत पारंपरिक मिठाई और उपहारों से किया जाता है। यहां भी रावण-दहन के आयोजन होते हैं, और मैदानों में मेले लगते हैं। बंगाल, ओडिशा और असम में यह पर्व दुर्गा पूजा के रूप में मनाया जाता है। यह बंगालियों, ओडिआ और आसाम के लोगों का सबसे महत्वपूर्ण त्योहार है। पूरे बंगाल में जहाँ यह पांच दिनों के लिए मनाया जाता है, वहीं ओडिशा और असम में यह त्यौहार ४ दिन तक चलता है। यहाँ देवी दुर्गा को भव्य सुशोभित पंडालों में विराजमान कर उनकी आराधना की जाती है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश एवं कर्नाटक में दशहरा नौ दिनों तक चलता है जिसमें तीन देवियां लक्ष्मी, सरस्वती और …