प्रभु श्रीराम से भी बड़ा उनका है नाम, और उससे भी बड़ा है उनका काम-जिलाधिकारी
बदलता स्वरूप श्रावस्ती। भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी कृतिका शर्मा के निर्देश पर रविवार को सायंकाल कलेक्ट्रेट, तहसील सहित अन्य शासकीय कार्यालय प्रकाश से जगमगा उठा। वहीं जिले के राम-सीता, वाल्मीकि, हनुमान मन्दिर सहित अन्य मन्दिरों में अखण्ड रामायण पाठ, कीर्तन का आयोजन कर पूजा पाठ से जनपद राममय हो गया।
सोमवार को जिलाधिकारी कृतिका शर्मा ने विकास खण्ड इकौना कटरा श्रावस्ती स्थित राम जानकी मंदिर में पूजा अर्चना कर रामोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान श्री राम जानकी मंदिर पर सैकड़ों पीयर एजुकेटर किशोरियों द्वारा झण्डे के साथ भगवान राम की जय, भारत माता की जय के नारों के साथ जिलाधिकारी का अगुवानी कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने सभी राम भक्तों के साथ राम जानकी मन्दिर में दर्शन व हवन-पूजन किया तथा स्वयं अपने हाथों से खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी को बधाई देते हुए अपने सम्बोधन में कहा कि आज श्री अयोध्या धाम में भगवान श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। इस खुशी में आज पूरे देश मे रामोत्सव कार्यक्रम मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लगभग पांच सदी पूर्व मुगल शासकों द्वारा श्री राम जन्मभूमि स्थल पर उनका मंदिर तोड़कर मस्जिद बना दी गई थी। आज पुनः भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर मंदिर की स्थापना की जा रही है। यह बहुत ही गौरव की बात है कि जब इस क्षण का इतिहास में नाम दर्ज किया जायेगा तो हम सभी इस क्षण के साक्षी रहें है, इसका भी वहां उल्लेख किया जायेगा। कहते है कि प्रभु श्री राम से भी बड़ा उनका नाम है, और उससे भी बड़ा उनका काम है। प्रभु श्री राम का जो राम राज्य है, उसका वर्णन किया जाता है। उसी राम राज्य की अवधारणा पर देश के माननीय प्रधानमंत्री जी एवं प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री जी के दिशा-निर्देशों के क्रम में आज इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह बहुत ही गौरवान्वित करने वाला क्षण है कि प्रभु श्रीराम की जन्मस्थली में उनका एक भव्य मंदिर स्थापित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अन्त में जिलाधिकारी ने गरीब, असहायों एवं बेसहारा लोगों को कम्बल वितरित कर उनका कुशलक्षेम भी जाना,तथा उनसे सीधा सम्वाद कर उनकी समस्याओं से रूबरू होकर उनकी समस्या से सम्बंधित आवेदन पत्र को भी लिया , और उन समस्याओं के निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित भी किया। कार्यक्रम का संचालन सदभावना समिति के अध्यक्ष योगेन्द्रमणि त्रिपाठी ने किया। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अरुण कुमार, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी इकौना सहित भारी संख्या में मन्दिर में भक्तों / श्रृद्धालुगणो का जनसैलाब उपस्थित रहा।
