आतंकी हमले में घायल श्रद्धालुओं का हाल जानने जम्मू के लिए दो अफसर रवाना

घायल श्रद्धालुओं के परिजनों से डीएम नेहा शर्मा ने बातचीत कर कुशलक्षेम की दी जानकारी

बदलता स्वरूप गोंडा। जम्मू में हुए आतंकी हमले में उत्तर प्रदेश के गोण्डा के रहने वाले कई लोग घायल हैं। इनका जम्मू के नजदीकी अस्पताल में उपचार चल रहा है। इनका हाल जानने व इन्हें अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने दो अधिकारियों में एक पुलिस क्षेत्राधिकारी और एक एसडीएम स्तर के अधिकारी को जम्मू रवाना किया है। साथ ही जिला अधिकारी ने घायल श्रद्धालुओं के परिजनों से बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाते हुए कुशल क्षेम की जानकारी भी दी।
जिलाधिकारी गोण्डा नेहा शर्मा ने बताया कि जम्मू में घायल इस जिले के दर्शनार्थियों के परिजनों से संपर्क किया गया है। उन्हें यह विश्वास दिलाया गया है, कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। उन्हें वहां से वापस लाने व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले के दो अफसर जम्मू के लिए रवाना कर दिए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, गोण्डा के रहने वाले सात लोग मां वैष्णों देवी के दर्शन करने गए थे और वहीं से शिवखोड़ी जाकर दर्शन करने के उपरांत वापस जम्मू लौट रहे थे तभी रास्ते में आतंकियों ने हमला बोल दिया, जिसमें बस ड्राइवर को गोली लगने से बस गहरी खाई में गिर गई जिसमें कई लोगों की मौतें हुई और दर्जनों की संख्या में लोग घायल भी हैं। छपिया थाना क्षेत्र अंतर्गत भिखारीपुर के देवी प्रसाद गुप्ता जो दिनेश के रिश्ते में बहनोई हैं। उनको मिलाकर कुल आठ लोगों का समूह था। सात लोगों को जम्मू के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दिनेश गुप्ता का इलाज कटरा स्थित राजकीय चिकित्सालय में हो रहा है। जबकि मनकापुर तहसील क्षेत्र के भिखारीपुर गांव निवासी देवी प्रसाद गुप्ता, नीलम गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, पलक गुप्ता, वजीरगंज थाना क्षेत्र के खिरिया मझगंवा निवासी राजेश गुप्ता व बिट्टन गुप्ता और गायत्रीनगर मनकापुर निवासी दीपक कुमार राय का इलाज जम्मू में चल रहा है।