गोंडा। जिले में गुरुवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हुई ऑल्टो कार खाई में पलट गई। जिसमें चालक की मौत हो गई। जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिले के गौरा चौकी बभनान मार्ग पर तरौनी गांव के पास एक अनियंत्रित ऑल्टो कार खाई में पलट गई। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को कार से बाहर निकाला गया। इस हादसे में कार चालक की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में महिलाएं बच्चे शामिल हैं। सभी लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
बलरामपुर जिले के कूकनगर ग्रांट के रहने वाले मनीष ऑल्टो कार लेकर अपनी ससुराल गए थे। बृहस्पतिवार को वह वापस अपने घर जा रहे थे। लौटते समय गौरा चौकी बभनान मार्ग पर तरैनी के पास उनके कार के सामने एक बाइक सवार आ गया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में कार अनियंत्रित हो गयी। सड़क किनारे गड्ढे में पलट गयी। इस दुर्घटना में मनीष श्रीवास्तव (35), पत्नी वंदना श्रीवास्तव उर्फ कोमल (28) मयंक श्रीवास्तव (15) बादल श्रीवास्तव (25), मन्नत श्रीवास्तव (7), रूही श्रीवास्तव (12), महक श्रीवास्तव (8) व पूर्ति श्रीवास्तव (22) घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से सभी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय कार चालक मनीष श्रीवास्तव की मौत हो गयी। जबकि बादल श्रीवास्तव (25) की हालत गंभीर बतायी जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

