मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों को वितरित किया राहत सामग्री, जाना उनका कुशल क्षेम
बदलता स्वरूप श्रावस्ती। प्रदेश के मंत्री, जल शक्ति, विभाग सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग स्वतन्त्र देव सिंह ने राप्ती बैराज लक्ष्मणपुर स्थित गेस्ट हाउस पहुंचें। इस दौरान जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया ने अगुवानी कर स्वागत किया। तत्पश्चात् मंत्री ने गार्ड की सलामी ली। इस दौरान मंत्री, अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, विधायक रामफेरन पाण्डेय एवं सदस्य विधान परिषद डा0 प्रज्ञा त्रिपाठी एवं जिलाधिकारी ने निरीक्षण भवन के समीप मंदिर परिसर में पौधरोपण किया तथा लोगों को पौधरोपण कर पर्यावरण बचाने का सन्देश दिया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पेड़-पौधों का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण योगदान है। वृक्षों के कारण ही पृथ्वी पर ऋतु चक्र बना रहता है। ऋतु चक्र को संतुलित बनाए रखने के लिए हमें अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाना चाहिए, और उनका संरक्षण करना भी अनिवार्य है। हमें पौधे का पेड़ बनने तक बच्चों की तरह संरक्षण करना चाहिए। एक पेड़ सैकड़ों जिंदगियां बचाने में सक्षम होता है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अज्ञानता और स्वार्थ के चलते पेड़ों की कटाई कर देते हैं। जिससे पर्यावरण को नुकसान होता है। तदोपरान्त मंत्री जलशक्ति एवं मंत्री मत्स्य डा0 संजय निषाद ने तहसील जमुनहा में बनाये गये राहत शिविर प्राथमिक विद्यालय बहोरवा पहुंचकर बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलकर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान मंत्री जलशक्ति, मंत्री मत्स्य, अध्यक्ष जिला पंचायत, विधायक, सदस्य विधान परिषद एवं जिलाधिकारी ने बाढ़ पीड़ितों को बाढ़ राहत सामग्री का वितरण किया। मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों से मिलकर जिला प्रशासन द्वारा दी जा रही बाढ़ राहत सुविधाओं यथा भोजन, पानी, स्वास्थ्य सेवा आदि के बारे में जानकारी भी प्राप्त की। इस दौरान मंत्री जलशक्ति ने कहा कि प्रदेश सरकार बाढ़ पीड़ितों के दुख दर्द में उनके साथ है। इसलिए बाढ़ पीड़ितों को सरकार द्वारा प्रदत्त सभी सुविधाएं समय से उपलब्ध होती रहे, इसका ध्यान रखा जाए। उन्होने बाढ़ पीड़ितों से सीधा संवाद करते बाढ़ पीड़ितों को हर संम्भव मदद दिलाने भरोसा दिया। मंत्री मत्स्य ने कहा कि किसी भी आपदा में किसी भी प्रकार की हानि होने पर प्रदेश सरकार आपके साथ खड़ी है। जन-धन की हानि होने पर पीड़ित परिवार को सरकार द्वारा आर्थिक सहायता दी जायेगी। जिन लोगो के बाढ़ की चपेट में आर्थिक क्षति हुई है उन्हें सरकार द्वारा पूरा सहयोग किया जाएगा। जिससे उनका जीवन यापन पुनः पहले जैसी स्थिति में लाया जा सके। इस अवसर पर अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal