जयगुरुदेव की 108 दिवसीय जनजागरण यात्रा का आयोजित

इसरार अहमद

बदलता स्वरूप जमुनहा, श्रावस्ती। अच्छा समाज बनाना है – शाकाहार अपनाना है,” और “अंडा, मछली, मांस, शराब से दूरी बनाओ,” जैसे सुधारक नारों के साथ जयगुरुदेव धर्म प्रचारक संस्था, मथुरा की 108 दिवसीय आध्यात्मिक-वैचारिक जनजागरण यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा का नेतृत्व संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं युग महापुरुष बाबा जयगुरुदेव महाराज के उत्तराधिकारी संत पंकज महाराज कर रहे हैं। यात्रा के दौरान संत पंकज महाराज शनिवार को लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज वीरगंज, मल्हीपुर में पधारे, जहां स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और वाद्य यंत्रों के साथ उनका स्वागत किया। अपने सत्संग में पूज्य महाराज ने शाकाहार और मानव धर्म की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ईश्वर की भक्ति के लिए सबसे पहले मानवतावादी बनना आवश्यक है। इसके लिए आपको अपना घर-बार या परिवार छोड़ने की आवश्यकता नहीं है। संत पंकज महाराज ने अपने संबोधन में बताया कि जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य आत्म जागृति है, जो सच्चे संत और सतगुरु की कृपा से संभव है। उन्होंने कहा कि भौतिक सुख-सुविधाओं और ऐशो-आराम में डूबे रहने से यह मानव जीवन व्यर्थ हो रहा है। संतों ने कलयुग में नाम योग साधना का महत्व बताया है, जो प्रभु की प्राप्ति के लिए सर्वश्रेष्ठ मार्ग है। महाराज ने कहा कि कलयुग में तीन साधन बताए गए हैं – सुमिरन, ध्यान और भजन। ये साधन सभी के लिए सुलभ हैं, चाहे वह पढ़ा-लिखा हो या अनपढ़। साधना के लिए आपको रोज़ाना कुछ समय निकालकर प्रभु का सुमिरन अवश्य करना चाहिए। महाराज ने अपने प्रवचन में वर्तमान समय में युवा पीढ़ी में संस्कारों की कमी पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी बहुत जरूरी हैं। संस्कार महात्माओं की वाणी और साधना से जागते हैं। माता-पिता से आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों को अशुद्ध खान-पान और नशे से दूर रखें। यह समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगा और महिलाओं के प्रति सम्मान और मर्यादा बनाए रखेगा। इस अवसर पर जनपद श्रावस्ती संगत के अध्यक्ष जिलेदार पासवान, आयोजक जगत पाल यादव एडवोकेट, ब्लॉक अध्यक्ष राम विलास यादव, प्रेम नारायण यादव, कन्हैया सिंह, नन्द कुमार गुप्ता, सुधीर सिंह, सत्य नारायण यादव, ग्राम प्रधान गौरी सोनी, अजय कुमार पाण्डेय एडवोकेट, शाहजहांपुर अध्यक्ष ओमवीर सिंह, के.के. यादव सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।