आनन्द गुप्ता
बदलता स्वरूप बहराइच। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सुधा टेकड़ीवाल ने परेशान नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखते हुए अंतिम यात्रा के लिए मोक्ष वाहन की व्यवस्था करवाया है। परिषद अध्यक्ष टेकड़ीवाल ने बताया कि पार्थिव शरीर को शमशान तक ले जाने के लिए वाहन व्यवस्था का संचालन होने जा रहा है। इसको मोक्ष वाहन का नाम दिया गया है। नगर पालिका ने पार्थिव शरीर को शमशान तक ले जाने वाले इस वाहन से उन बेसहारा लोगों को मदद मिल सकेगी जिनके घरों में सदस्य नहीं है।उल्लेखनीय है कि नगर की तेजी से बढ़ती आबादी के चलते अंतिम संस्कार के लिए शमशान व कब्रिस्तान की दूरियाँ 01 से 03 किलोमीटर दायरे से अधिक हो चुकी है। किसी भी व्यक्ति के स्वर्गवासी होने पर उसे शमशान या कब्रिस्तान में ले जाने में काफी समय लग जाता है। बदलते समय के अनुसार परिवारों में आदमियों की संख्या धीरे-धीरे घट रही है। मध्यमवर्गीय परिवारों में घर के सदस्य गैर जिलों या प्रदेश के बाहर भी रोजगार कर रहे हैं। पार्थिव शरीर को शमशान तक पहुंचाने के लिए आदमियों को जुटाना पड़ता है।भागदौड़ भरी जिंदगी के चलते काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी प्रमिता सिंह ने बताया कि नगर पालिका बोर्ड ने इस समस्या को ध्यान में रखते हुए वाहन निर्मित करवाया है। इसके सुचारू रूप से संचालन हेतु चालक की व्यवस्था के साथ ही हेल्पलाइन/मोबाइल नंबर जारी होगा। जिस पर फोन करने के बाद पार्थिव शरीर को लेने के लिए यह मोक्ष वाहन दिए गए पते पर पहुंचेगी। नगर पालिका द्वारा मोक्ष वाहन की सुविधा प्रदान करने को लेकर नगर वासियों द्वारा अध्यक्ष टेकड़ीवाल के इस कार्य की सर्वत्र सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि यह व्यवस्था शहर में सामाजिक सरोकारों से जुड़ी है। नगर मे कई बार परिवार अपने परिजन के पार्थिव शरीर को शमशान तक पहुंचाने के लिए काफी पैसा खर्च करना पड़ता था जो कि गरीब परिवार द्वारा वहन करना मुश्किल होता है। नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम करन टेकड़ीवाल ने बताया कि नगर वासियों द्वारा यह समस्या उनके समक्ष लाई गई थी। अब इस व्यवस्था से पार्थिव शरीर को शमशान तक पहुंचने में नगर के परिवारों को मदद मिलेगी।
