हिमांशु गुप्ता
बदलता स्वरूप श्रावस्ती। राज्य महिला आयोग की सदस्या एकता सिंह एवं अंजू प्रजापति जनपद में महिला उत्पीड़न की रोकथाम एवं पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाये जाने तथा महिला जनसुनवाई एवं समीक्षा किये जाने हेतु एक दिवसीय दौरे पर जनपद पहुंची। जनपद पहुंचने पर लोक निर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में उपजिलाधिकारी संजय कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने उनका स्वागत किया। तत्पश्चात् उनके द्वारा विकास भवन सभागार पहुंचकर महिला उत्पीड़न से पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को सुना गया। इस दौरान कुल 27 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिनके निराकरण हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर सदस्या एकता सिंह ने महिलाओं एवं बालिकाओं की समस्याओं व शिकायतों से रूबरू होते हुए कहा कि समस्याओं से पीड़ित महिलाओं एवं बालिकाओं को त्वरित न्याय देने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके हक के प्रति सजग किया जा सके और उन्हें सशक्त बनाया जा सके। उन्होने कहा कि सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों का भी दायित्व बनता है कि वे महिलाओं एवं बालिकाओं छोटी-बड़ी शिकायतों को गम्भीरता से लें और त्वरित कार्यवाही कर उन्हे न्याय शुलभ करायें ताकि समस्याओं से ग्रसित महिलाओं एवं बालिकाओं को न्याय के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े और उनका मान-सम्मान प्रत्येक दशा में कायम रहे। इस दौरान सदस्या अंजू प्रजापति ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी बहन बेटियों के मान सम्मान को बनाये रखने के लिए उनकी सुरक्षा हेतु 1090, 181 का संचालन कर रही है। यदि कोई भी व्यक्ति किसी भी महिला एवं बालिका के मान सम्मान को ठेस पहुंचाने की कोशिश करता है तो वह बेझिझक इन टोल फ्री नम्बर का उपयोग कर शिकायत कर सकती है। यदि उनको समय से न्याय नही मिलता है तो वे राज्य महिला आयोग में शिकायत दर्ज करा सकती है। ऐसे प्रकरणों पर निश्चित ही महिला आयोग समस्या से पीड़ित महिलाओं व बालिकाओं को न्याय मिलेगा। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी भिनगा सतीश शर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी डा0 अमरनाथ यति, जिला कार्यक्रम अधिकारी पी0के0 दास, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार गुप्ता, महिला थाना प्रभारी सहित सम्बन्धित अधिकारीगण एवं पीड़ित महिलाएं उपस्थित रही।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal