मंदिर की बेस कीमती जमीन पर दबंग कर रहे कब्जा भू माफियाओं के आगे बौने साबित हो रहे अधिकारी

रोहित जायसवाल

बदलता स्वरूप कर्नलगंज, गोंडा। भू माफियाओं के आगे प्रशासन व पुलिस बौना साबित हो रहा है। अधिकारी खामोश हैं और एक मंदिर की वेशकीमती भूमि पर दबंग जबरन कब्जा कर रहे हैं। कर्नलगंज नगर के हुजूरपुर तिराहे के पास ठाकुर श्रीराम जानकी मंदिर बालकराम पुरवा की वेशकीमती भूमि गाटा संख्या 936 व 937 की भूमि है। जिसका कुछ हिस्सा एक खातेदार ने अपने नाम करा लिया। उस खातेदार ने कब्जा न कर पाने के कारण दबंगों के हाथ जमीन की बिक्री कर दिया। जिसपर लगातार 6 वर्षों से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था मगर मंदिर के पैरोकारों की पैरोकारी से अबतक वे जमीन पर कब्जा नहीं कर सके। मगर मंगलवार को दबंगों ने उस प्लॉट पर निर्माण कार्य शुरू किया। तब इसकी शिकायत जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी सहित पुलिस अधिकारियों से की गई मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने मंदिर के पुजारी संतोष तिवारी तथा मंदिर निगरानी समिति के अध्यक्ष की शिकायत पर तत्काल प्रभाव से निर्माण रोकने के निर्देश दिए मगर कोई कार्रवाई नहीं की गई। बुधवार को भी निर्माण कार्य बदस्तूर जारी रहा। जबकि उप जिलाधिकारी कार्यालय से उक्त भूमि पर किसी भी पक्ष के द्वारा कोई निर्माण न करने का स्थगन आदेश भी जारी है। बताया जाता है कि भूमि पर कब्जा करने वाले लोगों को जिले के एक बड़े राजनैतिक व्यक्ति की शह प्राप्त है। पुजारी संतोष तिवारी का कहना है कि इस मंदिर के ट्रस्टी का मुकदमा उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। जबतक न्यायालय से कोई ट्रस्टी घोषित नहीं होता है तबतक के लिए इसके प्रशासक जिलाधिकारी तथा कार्यवाहक प्रशासक उप जिलाधिकारी पदेन हैं। उसके बावजूद मंदिर की भूमि सुरक्षित नहीं है। उप जिलाधिकारी भारत भार्गव का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच होने तक निर्माण रोकने के लिए तहसीलदार व राजस्व निरीक्षक को निर्देश दिए गए हैं।