नितिश कुमार तिवारीबदलता स्वरूप श्रावस्ती। जनपद में कार्यवाहक कमान्डेंट 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल भिनगा के नेतृत्व में स्वतंत्रता दिवस 2024 के उपलक्ष्य में हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती नागरिकों को अपने घर पर तिरंगा लाने और 13 से 15 अगस्त 2024 तक इसे गर्व के साथ फ़हराने के लिए प्रेरित करने हेतु 62वीं वाहिनी एस.एस.बी भिनगा द्वारा साइकिल व बाइक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत वाहिनी के मुख्यालय भिनगा से हुई, जहाँ कार्यवाहक कमान्डेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण एवं उप कमाण्डेन्ट सोनू कुमार सहित वाहिनी के अन्य जवानों ने तिरंगा के साथ साइकिल और बाइक पर सवार होकर ग्रामीणों के बीच हर घर तिरंगा अभियान के बारें में जागरूकता फैलाने का काम किया। यह रैली वाहिनी मुख्यालय भिनगा से जिला चिकित्सालय भिनगा से होते हुए विभिन्न गांवों और कस्बों से होकर गुजरी, जहां स्थानीय नागरिकों ने भी रैली में हिस्सा लिया और हर घर तिरंगा अभियान के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया। रैली के दौरान जवानों ने नागरिकों को तिरंगे के महत्व और इसे सही तरीके से फ़हराने के संबंध में भी जानकारी दी। इस अवसर पर कार्यवाहक कमांडेंट ने कहा कि हमारा उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्रों में प्रत्येक नागरिक को तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है ताकि भारत की स्वतंत्रता के 77वें वर्ष का उत्सव हर घर में मनाया जा सके। यह रैली हमारे देश के प्रति प्रेम और गर्व की भावना को और अधिक मजबूत करेगी। इसके अलावा भारत नेपाल सीमा पर स्थापित वाहिनी की सीमा चौकी सोनपथरी, भैसाहीनाका, गुज्जरगौरी, सुईया, तुरुषमा और ककरदरी के जवानों द्वारा अपने-अपने कार्यक्षेत्र के सीमावर्ती गांवों एवं बाजारों में राष्ट्रीय ध्वज के साथ साईकिल रैली एवं मार्च पास्ट निकालकर सीमावर्ती नागरिको को स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 13 अगस्त से 15 अगस्त तक अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए जागरुक किया गया। यह जागरूकता रैली न केवल सीमावर्ती नागरिकों को प्रेरित करने में सफल रही, बल्कि इससे राष्ट्रीय एकता और सामूहिक प्रयासों की भावना को भी बल मिला। रैली के सफल समापन पर नागरिकों ने तिरंगा फहराने का संकल्प लिया और भारत के स्वतंत्रता दिवस को धूमधाम से मनाने का वचन दिया। इस मौके पर वाहिनी मुख्यालय भिनगा एवं समस्त सीमा चौकी के जवान उपस्थित रहे।
Badalta Swaroop | बदलता स्वरुप Latest News & Information Portal