पवन जायसवाल
बदलता स्वरूप गोंडा। कजरी तीज के पावन पर्व पर भोलेनाथ के भक्त पूरे प्रदेश में कांवरियों की वेशभूषा में देवों के देव महादेव को करोड़ों की संख्या में जलाभिषेक करते आए हैं। वहीं कजरी तीज पर्व की मान्यता जनपद गोंडा में विशेष है। जनपद के पृथ्वी नाथ मंदिर मैं स्थापित एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग एवं बाबा दुख हरण नाथ मंदिर पर लाखों लाख की संख्या में श्रद्धालु कई दशकों से जलाभिषेक करते आ रहे हैं, इसलिए जनपद में सभी प्रकार के सरकारी कार्यालय, बैंक, न्यायालय, स्कूल आदि बंद भी रहते हैं। कांवरियों द्वारा सरयू घाट से जल भरकर नंगे पांव शहर के दुखहरन नाथ मंदिर एवं खरगूपुर स्थित पृथ्वीनाथ मंदिर में भारी संख्या में भगवान शिव को जलाभिषेक करते हैं। जिनकी व्यवस्था के लिए शहरवासियों, व्यापारियों एवं समाजसेवी संस्थाओं के द्वारा हजारों की संख्या में स्टॉल लगाकर उन्हें निशुल्क भोजन, फलाहार, दवा आदि का वितरण कराया जाता है, कांवरियों को भोलेनाथ का रूप मानकर उनकी सेवा की जाती है। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है, इसके लिए पहले से कार्य योजना बनाकर उसे अमली जामा पहनाया जाता है। कलेक्टर नेहा शर्मा एवं उनकी पूरी प्रशासनिक टीम अपने-अपने दायित्वों के साथ पूरी व्यवस्था में जुटे रहे, वहीं पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल का पूरा महकमा उनके निर्देशानुसार पूरी व्यवस्था पर पैनी नजर बनाए हुए थे। इसी कारण यह त्यौहार सकुशल संपन्न हो पाता है, किसी भी अराजक तत्व की हिम्मत नहीं पड़ती है की व्यवस्था में कोई दखल डाला जा सके। वही मंडलायुक्त शिवभूषण लाल सुशील एवं पुलिस उप महानिदेशक अमरेंद्र प्रताप सिंह के द्वारा भी समय-समय पर फीडबैक लेकर जानकारी हासिल की जा रही थी। सभी के प्रयास से कजरी तीज का पावन पर्व सकुशल संपन्न हुआ। क्षेत्र वासियों ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन को धन्यवाद भी दिया।





