डीएम एवं एसपी ने दीप प्रज्ज्वलन करके सांस्कृतिक कार्यक्रमों का किया शरूआत
बदलता स्वरूप बहराइच। जिलाधिकारी मोनिका रानी एवं पुलिस अधीक्षक वृन्दा शुक्ला के निर्देशन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को देखने के लिए महिलाओं व बच्चों के साथ काफी लोगों की भीड़ उपस्थित रही। कार्यक्रम का शुभारम्भ जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने भगवान श्रीकृष्ण के पूजन एवं आरती से किया। जिसके बाद पुलिस मॉडर्न स्कूल के बच्चों ओर एनजीओ एराउज्ड ब्रेन सेंटर के दिव्यांग बच्चों व मेट्रो डांस अकादमी के अलावा पुलिसकर्मियों तथा उनके परिवार के लोगों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।पुलिस अधीक्षक ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि परम्परागत रूप से जन्माष्टमी एक त्यौहार है। जिसे पुलिस बहुत उत्साह से मनाती है। जगह-जगह प्रदेश के सभी पुलिस लाइन्स में जन्माष्टमी के पर्व के लिए भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। पुलिस लाइन्स, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं इस पर्व को सहर्ष मनाने के लिए उपस्थित होते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की नौकरी में ऐसे पर्व को मनाने के बहुत कम अवसर प्राप्त होते हैं। फिर भी इस बात का पूरा प्रयास किया जाता है कि इस एक दिन कार्यक्रम में कोई कमी शेष नहीं रहे और पर्व को पूरे उत्साह, हर्ष के साथ मनाया जा सके। इस प्रकार के आयोजन न केवल हमारे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देते हैं। बल्कि पुलिस और जनता के बीच के सम्बन्धों को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल न केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने में तत्पर है। बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय रूप से भागीदारी करता है। इसके अलावा जिले के सभी थानों पर भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व विधिवत रूप व हर्षोउल्लास से मनाया गया। जिले के प्रत्येक थाने में पुलिसकर्मियों ने धार्मिक अनुष्ठान किया और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर इस पर्व को हर्षोल्लास से मनाया। प्रत्येक थाने में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष पूजा, भजन-कीर्तन, और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शांतिपूर्ण और उल्लासमय वातावरण में संपन्न हुआ। पुलिस बल ने सुरक्षा की दृष्टि से पूरे जिले में चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखी। जिससे जिलेवासी इस पर्व को सुरक्षित और सुखद तरीके से मना सकें। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, पुलिस अधिकारीगण व अन्य गणमान्य व्यक्ति अपने परिवार के साथ उपस्थित रहे।