महेन्द्र कुमार उपाध्याय
बदलता स्वरूप अयोध्या। प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्याधाम के कारसेवकपुरम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगामी 5 सितम्बर को भारतात्मा वेद पुरस्कार प्रदान करेंगे। यह पुरस्कार श्रीराम मंदिर निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वर्गीय अशोक सिंघल की पुण्य स्मृति में प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है। जिसका मुख्य उद्देश्य वैदिक जगत में सर्वोत्कृष्टता की पहचान करना है। उक्त बातें अशोक सिंघल फाउंडेशन के प्रबंधक बीडी. जाेशी ने मंगलवार को कारसेवकपुरम में आयोजित प्रेसवार्ता के दरम्यान कही। उन्होंने कहा कि भारतात्मा पुरस्कार का पूर्ण नाम भारतात्मा अशोक सिंघल वेद पुरस्कार है। जाे विगत सात वर्षों से प्रदान किया जा रहा है। इस वर्ष 5 सितंबर को आठवां भारतात्मा पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। इससे पहले यह कार्यक्रम दिल्ली में आयोजित किया जाता था। लेकिन इस बार भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्याधाम में हाे रहा है। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बताैर मुख्य अतिथि शामिल हाेंगे। कार्यक्रम 5 सितंबर को मध्यान्ह 12 बजे कारसेवकपुरम के प्रांगण में शुरु हो जायेगा। भारतात्मा अशोक सिंघल वेद पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किया जाता है। प्रथम श्रेणी में तीन लाख रुपये का पुरस्कार उत्कृष्ट वेद विद्यार्थी को प्रदान किया जाता है। द्वितीय श्रेणी में पांच लाख रुपये का पुरस्कार आदर्श वेदाध्यापक को देते हैं। इसके अलावा तृतीय श्रेणी में सात लाख रुपये का उत्तम वेद विद्यालय पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके साथ ही अपना संपूर्ण जीवन वेद, उपांगों के अध्ययन-अध्यापन में समर्पित तथा वेद विहित जीवन आचरण करने वाले वयोवृद्ध, ज्ञानवृद्ध विद्वान को प्रतिवर्ष वेदार्पित जीवन सम्मान प्रदान किया जाता है।कारसेवकपुरम में आयोजित इस कार्यक्रम में संत-धर्माचार्य, संघ परिवार से जुड़े पदाधिकारी-कार्यकर्ता तथा वैदिक विद्वानों के साथ स्व. अशोक सिंघल के परिजन उपस्थित रहेंगे। प्रेसवार्ता में विहिप प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा, कारसेवकपुरम प्रभारी शिवदास भी उपस्थित रहे।