धूमधाम से निकली गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा, ग्रामीणों में दिखा विशेष उत्साह

-गणेश-लक्ष्मी प्रतिमा स्थापना और पूजन के बाद निकली भव्य शोभायात्रा-

नितिश कुमार तिवारी

जमुनहा,श्रावस्ती। हरदत्तनगर गिरन्ट थाना क्षेत्र में धनतेरस और दीपावली के पर्व को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। क्षेत्र के गांव हरदत्तनगर गिरन्ट, बड़घर पुरवा, जयलाल पुरवा, नव्वा पुरवा, बरगदहन पुरवा और दुर्गापुरवा में दीपावली के इस पावन अवसर पर लोगों ने विशेष रूप से पूजन पंडाल सजाकर गणेश-लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित की। इन पंडालों में विधिपूर्वक पूजन शुरू किया गया, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने बड़ी श्रद्धा और भक्ति से हिस्सा लिया। हर गांव में दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। हरदत्तनगर गिरन्ट के हनुमान मंदिर में स्थानीय युवाओं और बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए नाटक, गीत और नृत्य कार्यक्रमों ने लोगों का मन मोह लिया। इसी प्रकार, बड़घर पुरवा और जयलाल पुरवा में प्रवचन और भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इन कार्यक्रमों में गांव के बुजुर्ग, महिलाएं, और बच्चे सभी ने भागीदारी की और दीपावली के इस पर्व को खास बनाया। वहीं सोमवार को इन प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए चौबेडीह भखला जाने के लिए एक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में गांव के बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और युवाओं ने मिलकर भाग लिया। यात्रा के दौरान जय माता दी और गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। हर झांकी को फूलों और रोशनी से सजाया गया था, जिससे यात्रा का दृश्य अत्यंत मनमोहक लग रहा था। शोभायात्रा में ग्रामीणों की आस्था और जोश स्पष्ट रूप से नजर आ रही थी। चौबेडीह भखला पर प्रशासन ने प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए विशेष इंतजाम किए थे। विसर्जन स्थल पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधिपूर्वक पूजा-अर्चना की और प्रतिमाओं को जल में विसर्जित किया। विसर्जन के समय ग्रामीणों ने नारियल, फूल और दीप जलाकर गणेश-लक्ष्मी की विदाई की और अगले वर्ष पुनः स्थापना का संकल्प लिया। इस दौरान क्षेत्र के तमाम श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।