जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी ने दी दीपावली पर्व की शुभकामनाएं

बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी ने जिले के नागरिकों को प्रकाश पर्व दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होने कहा है कि दीपावली के इस पावन पर्व पर प्रत्येक आमजन सुरक्षा का पूरी तरह से ध्यान रखते हुए प्रेम एवं सौहार्द के साथ दीपावली का पर्व मनाएं। दीपावली जिले के आमजन के लिए सुख और समृद्धि का उपहार लेकर आए। उन्होने कहा कि ग्रन्थों के अनुसार दीपावली के दिन भगवान राम, लक्ष्मण और माता जानकी 14 वर्ष का वनवास पूर्ण कर अयोध्या लौटे थे और उनके आने की खुशी में नगर वासियों ने घर-घर घी के दीये जलाए थे। तभी से इस त्योहार की शुरुआत हुई। लक्ष्मी पूजा के दूसरे दिन गोवर्धन पूजा मनाया जाता है। दीपावली के दिन प्रत्येक घर दीपों की पंक्तियों से शोभायमान रहता है। दीपों, मोमबत्तियों और बिजली की रोशनी से घर का कोना-कोना प्रकाशित हो उठता है। इसलिए दीपावली रोशनी का पर्व भी कहा जाता है।पुलिस अधीक्षक ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रकाश के इस पर्व को द्वीप जलाकर ईको फ्रेंडली तरीके से मनाएं और असहाय लोगों के बीच जाकर उनमें त्योहार की खुशियां बांटने का काम करें। इसके अलावा किसी भी अन्य समुदाय के व्यक्ति की भावनाएं आहत न हो, इसका भी ध्यान रखकर त्योहार मनायें। मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह ने सभी जनपद वासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी है, और कहा कि प्रकाश व खुशियों का यह महापर्व सभी के जीवन को नई उर्जा, प्रकाश, आरोग्य और समृद्धि से आलोकित करें। यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर लाए।