बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जिलाधिकारी कृतिका शर्मा ने बताया है कि दशम् अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2024 एवं योग सप्ताह (दिनांक 15.06.2024 से 21.06. 2024) मनाया जा रहा है, जिसमें नियमित रूप से योग प्रोटोकॉल का अभ्यास कराया जा रहा है। उन्होने बताया कि जनपद के गणमान्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21.06.2024 के अवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। इस वर्ष योग दिवस का विषय ’’योगा फॉर सेल्फ एण्ड सोसायटी-स्वयं और समाज के लिए योग’’ रखा गया है। योगाभ्यास कार्यक्रम में पंचायती राज विभाग, ग्राम विकास विभाग एवं नगर विकास विभाग की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होगी। समस्त ग्राम पंचायतों एवं नगर निकायों में संम्बन्धित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। समस्त पुलिस थाना, पुलिस लाइन, पुलिस चौकी व पी०ए०सी० बटालियनों में भी योगाभ्यास का कार्यक्रम किया जायेगा।
उन्होने बताया कि जनपद के समस्त प्राथमिक विद्यालय, उच्च माध्यमिक विद्यालय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं आवासीय विद्यालयों को 21.06.2024 से एक दिन पूर्व खुलवाकर समुचित साफ-सफाई व्यवस्था करवाकर अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन कर छात्रों/छात्राओं के मध्य मिष्ठान, फल एवं शुद्ध पेयजल का वितरण किया जायेगा। तकनीकी शिक्षण संस्थानों कृषि महाविद्यालयों उच्च शिक्षा महाविद्यालयों में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर योगाभ्यास कार्यक्रम प्रातः 06 से 08 बजे तक निर्धारित योग प्रोटोकॉल कार्यक्रम तथा पूर्वाहन 11 से 01 बजे अपराहन तक सेमिनार, आशु भाषण, निबन्ध लेखन आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। इसके अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र/सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र/हेल्थ वेलनेस सेन्टर्स/चिकित्सालयों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जायेगा। जिसकी फोटो तथा संख्या का विवरण आयुष कवच ऐप/निर्धारित प्लेटफार्म पर अपलोड किया जायेगा।
दशम् अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून 2024 का मुख्य आयोजन स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा, श्रावस्ती में किया जायेगा। जिसके लिए सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सुचारू/व्यवस्थित रूप से संम्पादित कराने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गये है। उन्होने सभी सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि दिये गये दायित्वों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कर योगाभ्यास कार्यक्रम को सफल बनाना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारीगण योग दिवस के मुख्य आयोजन में प्रातः 06 से 08 बजे तक स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम भिनगा में अपने विभाग के अधिकतम् अधिकारियों के साथ प्रातः 06 बजे से पूर्व कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगें।
उन्होने यह भी बताया कि समस्त कार्यक्रम के नोडल अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी होगें। जिनके पूर्ण सहयोग से बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जिल कीड़ा अधिकारी द्वारा सम्पूर्ण कार्यक्रम एवं उसकी व्यवस्था की जिम्मेदारी का निर्वाहन किया जायेगा। विभिन्न स्तरों पर आने वाली कठिनाइयों का निराकरण संम्बन्धित विभागों से समन्वय बनाकर किया जायेगा। समस्त कार्यों की जिम्मेदारी संम्बन्धित अधिकारियों की होगी।