निर्मलिकुण्ड क्षेत्र में कैमरों में एक व्यस्क नर तेंदुआ ट्रैप, पगमार्क दो के मिले

विश्वनाथ शुक्ला
अयोध्या।कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार से आए कैमरों में छावनी क्षेत्र के जंगल में एक व्यस्क और नर तेंदुआ ट्रैप हुआ है। यह अलग बात है कि पगमार्क दो के मिले हैं। पगमार्क मिलने वाले पानी के सोते के पास अब वन विभाग ने पिंजरा लगवाने की तैयारी की है। इसके अलावा वन्यजीव की गतिविधियों पर निगरानी और उसे आबादी वाले क्षेत्र में प्रवेश न करने देने के इंतजाम भी प्रभावी किए गए हैं। छावनी क्षेत्र और निर्मली कुंड के आसपास बड़े भूभाग पर फैले जंगल में तेंदुआ पिछले काफी दिनों से प्रवास कर रहा है। प्रथम चरण में इस क्षेत्र में एक तेंदुए की मौजूदगी के प्रमाण के रूप में उसके पगमार्क मिल चुके हैं। इसके बाद वन विभाग ने सर्तकता बरतते हुए निगरानी के लिए कतर्नियाघाट घाट वन्य जीव विहार से 10 कैमरा ट्रैप मंगवाया था। इसमें से सिर्फ छह कैमरे ही मिल सके थे। इन सभी कैमरों को जंगल में विभिन्न स्थानों पर लगा दिया गया था। वन विभाग की ओर से की जा रही निगरानी के क्रम में तीन कैमरा ट्रैप में एक ही तेंदुए की तस्वीर कैद हुई है। इससे साफ पता चल रहा है कि तेंदुआ इस घने जंगल के प्राकृतिक वास में विचरण कर रहा है। इस जंगल में अन्य कई वन्यजीव भी मौजूद हैं। जिससे उसे आहार मिलने में भी परेशानी नहीं हो रही है।पगमार्क और कैमरे की तस्वीर से स्पष्ट है कि तेंदुआ पानी पीने के लिए इसी सोते के पास आता है। इस बारे में प्रभागीय वनाधिकारी प्रणव जैन ने बताया कि कैमरे में सिर्फ एक तेंदुए की फोटो कैद हुई है।दो पगमार्क की जांच की जा रही है। ये काफी पुराने लग रहे हैं। कैमरे में जिस तेंदुए की फोटो आई है, वह व्यस्क और नर है। अलग-अलग कैमरों में आई तस्वीरों से यह भी स्पष्ट है कि वह जंगल में निरंतर भ्रमणशील भी है। दूसरे तेंदुए की मौजूदगी के साथ उसकी आयु और नर या मादा होने को लेकर अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है।