महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन

नितिश कुमार तिवारी

बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जनपद के जमुनहा ब्लॉक के ग्राम पंचायत शिकारी चौड़ा में 29 नवंबर को गुलिस्ता सामुदायिक विकास समिति भिनगा द्वारा संचालित प्रोजेक्ट बढ़ते कदम के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को हिंसा के प्रति जागरूक करना और उन्हें सशक्त बनाना था। प्रशिक्षण की शुरुआत प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर तोशीबा परवीन ने संस्था और कार्यक्रम का परिचय देकर की। उन्होंने बताया कि हिंसा क्या होती है और इसकी पहचान कैसे की जा सकती है। प्रोजेक्ट डायरेक्टर गुलशन जहां ने घरेलू हिंसा के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पारिवारिक तनाव और विवाद इसके मुख्य कारण हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू हिंसा शारीरिक, मानसिक, यौन, या आर्थिक रूप से हो सकती है। कार्यक्रम में प्रशिक्षक वंदना रावत ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों और हिंसा के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जानकारी दी। उन्होंने यह भी बताया कि महिलाओं के लिए कौन-कौन से कानून बनाए गए हैं और हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग कैसे किया जा सकता है। तरुणा मिश्रा ने कानूनी अधिकारों, हिंसा के खिलाफ जागरूकता और शिक्षा के महत्व पर चर्चा की। मन्तशा खातून ने हिंसा के प्रकार जैसे शारीरिक, मानसिक, सामाजिक, आर्थिक और यौनिक हिंसा पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। किशोरियों को बेहतर समझ देने के लिए कार्यक्रम में नाटक का प्रदर्शन किया गया। इसमें नाज और वंदना ने नाट्य प्रस्तुति के जरिए घरेलू हिंसा की पहचान और उससे निपटने के उपाय बताए। प्रशिक्षण में किशोरियों को दो समूहों में बांटकर चार्ट गतिविधि करवाई गई, जहां उन्होंने अपने विचार प्रस्तुत किए। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई। इस कार्यक्रम में संस्था प्रमुख गुलशन जहां, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर तोशीबा परवीन, कम्युनिटी मोबिलाइज़र्स शीला, प्रियंका, अर्चना, केतकी, ऑफिस स्टाफ मन्तशा खातून, नाज, प्रशिक्षक तरुणा मिश्रा और वंदना के साथ इस कार्यक्रम में चयनित ग्राम पंचायत की 80 किशोरियों ने भाग लिया।