गीता गोष्ठी का 24वां विराट महोत्सव कल

जूना अखाड़ा रुड़की के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद व वाराणसी के राजर्षि गांगेय हंस होंगे मुख्य वक्ता

बदलता स्वरूप गोण्डा। नगर की आध्यात्मिक संस्था गीता गोष्ठी का 24वां विराट गीता महोत्सव रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित हो रहा है। आयोजन को लेकर मैदान परिसर में साफ सफाई व साज सज्जा की तैयारियां चल रही है। रामेश्वरम मंदिर स्थित शिविर कार्यालय में तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे महोत्सव के संयोजक इं. सुरेश दूबे ने नगर व गांव के सभी सनातन प्रेमियों से रविवार को आयोजित गीता महोत्सव में सपरिवार शामिल होने का अनुरोध किया है।कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने बताया कि महोत्सव में प्रात: 10 बजे गीता प्रसार यात्रा रामलीला मैदान से निकलकर नगर में भ्रमण करेगी। दोपहर 12 बजे से महोत्सव में प्रवचन सत्र शुरू होगा। 24वें महोत्सव में प्रवचन सत्र के मुख्य आकर्षण जूना अखाड़ा रुड़की के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि जी महाराज व वाराणसी के आध्यात्म दार्शनिक राजर्षि गांगेय हंस, योगगुरु महिमा तिवारी अयोध्या के योगाचार्य डाॅ. चैतन्य व प्रयागराज के वेद व्यास ओंकारनाथ होंगे। प्रवचन में संगीतकार किरन पांडेय के निर्देशन में शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।