भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर जनपद में धूमधाम से मनाया गया ’’व्यापारी कल्याण दिवस’’

बदलता स्वरूप श्रावस्ती। दानवीर भामाशाह जी की जयंती के अवसर पर जनपद में ’’व्यापारी कल्याण दिवस’’ के रूप में कलेक्ट्रेट सभागार में धूमधाम से मनायी गई। जिसका अध्यक्ष जिला पंचायत दद्दन मिश्रा, विधायक श्रावस्ती रामफेरन पाण्डेय, सदस्य विधान परिषद डा0 प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष उदय प्रकाश त्रिपाठी, जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी एवं मुख्य विकास अधिकारी अनुभव सिंह ने द्वीप प्रज्वलित कर शुभारम्भ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों एवं जिलाधिकारी ने जनपद के व्यापारी क्रमशः दीनानाथ गुप्ता, संतोष पांडेय, सूफ़ी सग़ीर अहमद, अजीत सिंह, आलम गीर को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। वहीं व्यापारी क्रमशः मिथलेश कुमार शुक्ला एवं राम तीरथ पाण्डेय के द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में सर्वाधिक कर का भुगतान किया है, उन्हें भामाशाह पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष जिला पंचायत ने कहा कि भामाशाह को इतिहास का सबसे बड़ा दानवीर माना गया है। इतिहास की दृष्टि से राजस्थान को अत्यंत समृद्ध राज्य माना गया है। यहाँ पृथ्वीराज चौहान, राणा सांगा और राणा प्रताप जैसे प्रतापी राजाओं ने जन्म लिया और अपने पराक्रम से राजस्थान व भारत को विदेशी आकान्ताओं से बचाने में अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। इन्हीं वीर योद्धाओं में से एक थे ’भामाशाह’ जिन्होंने दूसरों की भलाई के लिए जीवनभर दान किया।
विधायक ने कहा कि दानवीर भामाशाह जी के जन्म दिवस को ’’व्यापारी कल्याण दिवस’’ के रूप में मनाया जा रहा है, जो कि इतिहास में महान दानवीर के रूप में जाने जाते है। महाराणा प्रताप को दी गई भामाशाह की सहायता ने मेवाड़ के आत्म सम्मान एवं संघर्ष को नई दिशा प्रदान की।
जिलाधिकारी ने अपने सम्बोधन में कहा कि आज भामाशाह जी का जन्मदिन ’’व्यापारी कल्याण दिवस’’ के रूप में मनाया जा रहा है। समाज के व्यापारी वर्ग में इनका अमूल्य योगदान है। उन्होने कहा कि समाज के उत्थान, राष्ट के निर्माण एवं विकास में जो इनका विशेष योगदान रहा है, उसे कभी भुलाया नही जा सकता है। इसी के तहत आज जनपद के सभी व्यापारियों एवं उद्यमियों को बुलाकर यहां सम्मानित किया जा रहा है। उन्होने कहा कि आज के आधुनिक युग में व्यापारियों का विशेष महत्व है। जिससे समाज में संचालित अनेक योजनाओं एवं आर्थिक क्रियाओं का संचालन सफलता पूर्वक किया जा रहा है तथा देश की आर्थिक स्थिति को भी मजबूती मिल रही है।
इस दौरान कलेक्ट्रेट सभागार परिसर में ही स्वयं सहायता समूहों एवं एम0एस0एम0ई0 द्वारा बनाये उत्पादों के विभिन्न स्टाल भी लगाये गये। जिसका अध्यक्ष जिला पंचायत, विधायक, सदस्य विधान परिषद, जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने अवलोकन किया तथा उत्पादों के सम्बन्ध में जानकारी भी प्राप्त किया। इस अवसर पर इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अमरेन्द्र कुमार वर्मा, सहायक आयुक्त राज्यकर प्रदीप कुमार, राज्यकर अधिकारी तरूण पाण्डेय, सहायक आयुक्त उद्योग सर्वेश कुमार दीक्षित, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी रोशन लाल पुष्कर, आशुतोष पाण्डेय, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि गिलौला प्रकाश चन्द्र, विनय कुमार तिवारी, पंकज मिश्रा सहित जनप्रतिनिधिगण एवं अन्य विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहें।