बदलता स्वरूप
गोंडा। सेंट जेवियर्स स्कूल, मालवीय नगर के प्रांगण में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय खेल सप्ताह के अंतर्गत अंतरविद्यालय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गोंडा जिले के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में फातिमा इंटर कॉलेज, इंदिरा इंटरनेशनल, नारायणा पब्लिक स्कूल और एम्स इंटरनेशनल स्कूल सहित कई विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि मेजर डॉ. राजेश द्विवेदी, प्रधानाचार्य गांधी विद्यालय रेलवे कॉलोनी, ने किया। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक क्षमता को भी मजबूत करते हैं। खेलों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की भावना विकसित होती है।
विद्यालय के प्रिंसिपल जेराल्ड आनंदन ने कहा कि शतरंज केवल एक खेल नहीं, बल्कि दिमाग की कसरत है। इससे बच्चों में धैर्य, एकाग्रता और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है, जो जीवन में सफलता के लिए बेहद आवश्यक है।
विद्यालय की प्रबंधक सुजैन दत्ता ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल भावना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों को भी जीवन का अहम हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बालक वर्ग में परिणाम:
प्रथम स्थान नारायणा पब्लिक स्कूल के भावेश नामदेव ने हासिल किया। द्वितीय स्थान सेंट जेवियर स्कूल के दीक्षांत प्रजापति रहे। तृतीय स्थान पर सेंट जेवियर्स स्कूल के हर्ष पांडे और फातिमा स्कूल के सूर्यांश तिवारी रहे।
बालिका वर्ग में परिणाम:
प्रथम स्थान सेंट जेवियर स्कूल की मसीरा काजी ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान इंदिरा इंटरनेशनल की आराध्या गुप्ता रहीं। तृतीय स्थान फातिमा स्कूल की दिव्यांशी चंद्रा और सेंट जेवियर स्कूल की नव्या गुप्ता ने प्राप्त किया।
इस अवसर पर प्रशांत सिंह, गौरव उपाध्याय, दीप्ति पटेल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों में खेल भावना, प्रतिस्पर्धात्मक सोच और बौद्धिक क्षमता को बढ़ावा देने का संदेश दिया।








