कुशल नेतृत्व एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के लिए याद किए जाएंगे विनीत जायसवाल
बदलता स्वरूपगोण्डा।
आज पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल के जनपद गोण्डा से पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के पद पर स्थानान्तरण के उपरान्त रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा स्थित सभागार कक्ष में भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारीगण, थाना प्रभारीगण, पुलिस अधिकारी व कर्मचारीगण, मीडिया बन्धु एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा पुलिस अधीक्षक महोदय के कार्यकाल के दौरान उनके ’’कुशल नेतृत्व, मार्गदर्शन, अनुशासनप्रियता, संवेदनशील व्यवहार एवं उत्कृष्ट कार्यशैली’’ की सराहना की गयी। महोदय द्वारा अपने कार्यकाल के दौरान जनपद में ’’अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता’’ देते हुए अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक एवं वैधानिक कार्यवाही, वांछित व पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, अवैध मादक पदार्थ एवं शस्त्र के विरुद्ध अभियान, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, यातायात व्यवस्था में सुधार तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया। महिला एवं बाल सुरक्षा के दृष्टिगत ’’मिशन शक्ति’’, एण्टी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, महिला हेल्प डेस्क एवं अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी रूप से संचालित किया गया। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों की सहायता के लिए साइबर सेल व साइबर थाना द्वारा निरन्तर प्रभावी कार्यवाही की गयी। पुलिस की कार्यप्रणाली में ’’तकनीक एवं आधुनिक संसाधनों के बेहतर उपयोग’’ को भी बढ़ावा दिया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण त्योहारों, धार्मिक आयोजनों, परीक्षाओं, चुनावों एवं अन्य महत्वपूर्ण अवसरों पर ’’सुदृढ़ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था’’ सुनिश्चित कराने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाते रहे।


उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जनपद पुलिस द्वारा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास एवं सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने का प्रयास किया गया। विदाई समारोह में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा एसपी को ’’स्मृति-चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ’’ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य एवं नवीन दायित्व में सफलता की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा विनीत जायसवाल द्वारा उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद गोण्डा में कार्यकाल के दौरान उन्हें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, मीडिया बन्धुओं एवं आमजन का निरन्तर सहयोग प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि ’’पुलिस सेवा में टीमवर्क, अनुशासन, संवेदनशीलता एवं जनता के प्रति जवाबदेही अत्यन्त महत्वपूर्ण है।’’ सभी पुलिसकर्मी भविष्य में भी पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। समारोह के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा महोदय को उनके ’’नवीन दायित्व पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर’’ के लिए हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी गयी तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना की गयी।









