टीकाकरण के कार्यों में लापरवाही मिलने पर 39 एएनएम को शोकाज नोटिस
टीकाकरण के कार्यों में लापरवाही मिलने पर 39 एएनएम को शोकाज नोटिस
बदलता स्वरूप
गोण्डा। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी।
बैठक में प्रस्तावित एजेंडा के आधार पर यू0पी0एच0एम0आई0एस0 हेल्थ डैशबोर्ड, मातृ स्वास्थ्य, बाल स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, कम्युनिटी प्रोसेस, राष्ट्रीय कार्यक्रम नान कम्युनिकेबल डिजीज, एन0सी0डी0, एन0बी0सी0पी0, आर0एन0टी0सी0पी0, पी0एम0एम0वी0वाई0, नियमित टीकाकरण, वैक्सीनेशन, जननी सुरक्षा व मातृ वंदना योजना के तहत भुगतान की स्थिति, आशा इन्सेन्टिव, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, ओपीडी व आईपीडी की स्थिति, प्राथामिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा सीएचसी पर बेडों की ऑक्यूपेंसी की स्थिति सहित अन्य योजनाओं की जिलाधिकारी द्वारा गहन समीक्षा की गई। बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जुलाई, 2026 का भ्रमण की समीक्षा की गई। एनआरसी में भर्ती बच्चों, आरसीएच पोर्टल फीडिंग के स्टेटस, एनपीसीडीसीएस, राष्ट्रीय कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिक्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम आदि सभी की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि समय से कार्य कराना सुनिश्चित करें।
जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद के सभी सीएचसी अधीक्षकों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की योजनावार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सीएचसी अधीक्षक को निर्देश दिए हैं कि सभी योजनाओं के कार्य समय से पूर्ण कराया जाय तथा समय-समय पर अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से योजनावार समीक्षा की जाय। ताकि योजनाओं का क्रियान्वयन समय से किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशानुसार जनसामान्य को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए सभी अधीक्षक अपने अपने सीएचसी एवं पीएचसी पर ही निवास करें तथा संस्थागत प्रसव एवं विभिन्न प्रकार के टीकों को समय से लगवाना सुनिश्चित करें।
आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मरीजों को भर्ती करायें, साथ ही इस पर विशेष ध्यान दिया जाय। ई-कवच को पोर्टल को अपडेट करें। प्रसव केंद्र पर प्रसव की संख्या बढ़ाएं। जनपद के सभी सब सेंटरों पर एएनएम की उपस्थिति सुनिश्चित की जाये। ताकि सेंटर पर आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिये हैं कि सभी सीएचसी अधीक्षकों के द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की जाए ताकि जिस सीएचसी अधीक्षक के द्वारा कार्यों में लापरवाही की जा रही है उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही करते हुए उन्हें सीएचसी अधीक्षक पद से हटाकर अन्य डॉक्टरों की तैनाती की जाए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिला महिला अस्पताल एवं जनपद के समस्त सीएचसी पर गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाला भोजन अब संस्था को हटाकर एनआरएलएम विभाग की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के द्वारा यह कार्य किया जाएगा, जिसके लिए उन्होंने सभी कार्यवाही पूर्ण करते हुए जल्द से जल्द स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सभी स्थानों पर भोजन बनाने तथा उपलब्ध कराने के लिए कार्यवाही पूर्ण कर ली जाय। टीकाकरण की समीक्षा में डब्ल्यूएचओ द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट के आधार पर कार्यों में लापरवाही मिलने पर 39 एएनएम को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह कहा कि यदि कार्यों में सुधार नहीं आया तो सभी संबंधित क्षेत्रों के एएनएम के खिलाफ विभागीय कार्यवाही की जायेगी।
बैठक के दौरान जननी सुरक्षा योजना के भुगतान की प्रगति खराब मिलने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएमएस जिला महिला अस्पताल डाक्टर सम्भू दयाल तथा एकाउंटेंट जिला महिला अस्पताल प्रभात कुमार को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया है कि यदि भुगतान में सुधार नहीं आया तो अगले माह में वेतन रोकने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के दौरान सीएचसी परसपुर में सभी योजनाओं में खराब प्रगति मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएचसी अधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि अगले माह में आपके कार्यों में सुधार नहीं आया तो आपको हटाकर आपके स्थान पर किसी अन्य डॉक्टर की तैनाती की जाएगी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद, सीएमओ डॉक्टर संत लाल पटेल, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, सीएमएस जिला महिला अस्पताल, एसीएमओ डॉक्टर आदित्य वर्मा, डॉक्टर सीके वर्मा, डॉक्टर आरपी सिंह, डीपीएम जिला अस्पताल अमरनाथ, सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण व डब्ल्यूएचओ के पदाधिकारी, समस्त सीएचसी अधीक्षक तथा अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।









