बदलता स्वरूप श्रावस्ती। दहेज प्रथा के खिलाफ कानून को अमल में आये दशकों बीत गए हैं, लेकिन आज भी दहेज के लिए देशभर में कई महिलाओं की जान दहेज के लालचियों के हत्थे चढ़ जाती है। पुलिस और प्रशासन के तमाम प्रयासों के बावजूद दहेज प्रथा और उत्पीड़न के मामलों में वृद्धि हो रही है।
ताजा मामला जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के रतन पुरवा गाँव का है जहाँ पर 30 अप्रैल 2023 रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जिसके बाद शव को सुपुर्द- ए- खाक भी कर दिया गया।जिसपर सोमवार 1 मई को मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई। दरअसल मल्हीपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी संजू पुत्री जगदीश प्रसाद उम्र 20 वर्ष की शादी दो वर्ष पूर्व में रतन पुरवा गाँव निवासी युवक के साथ जयमाल के जरिए जंगल दास बाबा की कुटी को साक्षी मानकर हुई थी। मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले कुछ समय से दहेज के रूप में दो लाख रुपये और एक अपाची बाइक की मांग कर रहे थे। लेकिन मायका पक्ष गरीबी के कारण दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थ था, जिसके चलते संजू को ससुरालियों की खरी-खोटी बातों के साथ मारपीट भी खानी पड़ती थी। जिसके बाद सोमवार 1 मई को पीड़ित अपनी बहिन के घर जाकर जानकारी की तो विपक्षी दलों के लोगों ने भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए कहा कि तुम यहाँ से चले जाओ नहीं तो तुझे भी जान से मारकर जला देंगे वहीं स्थानीय लोगों द्वारा पता चला कि कल विवाहिता को मारकर उसके शव को सुपुर्दे खाक कर दिया है। तभी पीड़ित ने विजय यादव पुत्र विश्व राम उर्फ ननके उम्र 25 वर्ष, कुलेराज पुत्र विश्व राम उम्र 30 वर्ष, विश्व राम पुत्र अज्ञात उम्र 50 वर्ष, ननकई पुत्री विश्व राम उम्र 18 वर्ष व विश्व राम की पत्नी अज्ञात के खिलाफ तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की थी। वहीं पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह द्वारा जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव व क्षेत्राधिकारी जमुनहा सतीश कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक रामपाल यादव थाना मल्हीपुर जनपद श्रावस्ती मय हमराह द्वारा थाना मल्हीपुर पर पंजीकृत मु.अ.सं. 0176/2023 धारा 498ए/304बी/201/504/506 आईपीसी व 3/4 डीपी एक्ट से सम्बन्धित वांछित अभियुक्त विजय यादव पुत्र विश्राम उर्फ ननकने, विश्राम उर्फ ननकने पुत्र स्व. राम अतौरा, विश्राम उर्फ ननकने की पत्नी निवासीगण रतनापुरवा दा. रामपुर जब्दी थाना मल्हीपुर जनपद श्रावस्ती को मुखविर खास की सूचना पर निवास स्थान से गिरफ्तार किया गया।