बदलता स्वरूप
गोण्डा। रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट गोण्डा एवं नारकोटिक्स टास्क टीम ने संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान गाड़ी संख्या 14627 के जनरल कोच से करीब पांच किलोग्राम लावारिस गांजा बरामद किया। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त लखनऊ अरुण त्रिपाठी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त गोण्डा महेंद्र प्रसाद दुबे के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ गोण्डा अनिरुद्ध राय के नेतृत्व में टीम ट्रेन की चेकिंग कर रही थी। बरुआचक के आसपास चलती ट्रेन में चेकिंग के दौरान जनरल कोच संख्या 257098 में एक संदिग्ध बैग मिला।
आरपीएफ कर्मियों ने कोच में मौजूद यात्रियों से बैग के संबंध में पूछताछ की, लेकिन किसी यात्री ने उसे अपना नहीं बताया। ट्रेन के गोण्डा जंक्शन पहुंचने पर आरपीएफ एवं सीआईबी के अधिकारियों की मौजूदगी में बैग खोला गया, जिसमें करीब पांच किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।आरपीएफ ने बैग को लावारिस संपत्ति के रूप में सुबह 7-35 बजे कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की और बरामद गांजा अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी गोण्डा को सुपुर्द कर दिया। मामले की जांच उप निरीक्षक विवेकानंद यादव द्वारा की जा रही है।









