नितिश कुमार तिवारी
बदलता स्वरूप श्रावस्ती। जनपद में सोमवार 28 अक्टूबर को 62वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल भिनगा के कमाण्डेन्ट रवीन्द्र कुमार राजेश्वरी के दिशा निर्देशन में एवं कार्यवाहक कमाण्डेन्ट अमरेन्द्र कुमार वरुण के मार्गदर्शन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह (28 अक्टूबर 2024 से 03 नवंबर 2024) के उपलक्ष्य में वाहिनी मुख्यालय भिनगा के जवानों ने भ्रष्टाचार रोकने की शपथ ली। इस अवसर पर जवानों ने ईमानदारी, पारदर्शिता, और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। सतर्कता जागरूकता सप्ताह का उद्देश्य न केवल भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता फैलाना है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य में नैतिक मूल्यों का पालन करने के लिए प्रेरित करना भी है। इस अवसर पर कार्यवाहक कमाण्डेन्ट अमरेन्द्र कुमार वरुण ने अपने संबोधन में कहा कि एसएसबी का प्रत्येक जवान राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित है और देश को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने सभी जवानों को इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया। सप्ताहभर चलने वाले इस जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें निबंध प्रतियोगिता, विचार-विमर्श सत्र, जागरूकता रैली एवं कार्यशालाएं शामिल हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य जवानों और स्थानीय नागरिकों में भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। एसएसबी का यह अभियान समाज में ईमानदारी एवं पारदर्शिता के मूल्यों को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचार को समाप्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस मौके पर निरीक्षक ओमकार, अनीत कुमार राठौड़ के साथ अन्य एसएसबी के जवान उपस्थित रहे।






