बहराइच श्रावस्ती न्यूज़ बुलेटिन 03/10/26

2.74 किलो चरस के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
मोतीपुर पुलिस की कार्रवाई, एर्टिगा कार, मोबाइल और नकदी भी बरामद
आनन्द गुप्ता
बहराइच। अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड के नेतृत्व में मोतीपुर पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 2.74 किलोग्राम चरस, एक एर्टिगा कार, तीन मोबाइल फोन और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी एवं क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा अमित प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान तीन अक्टूबर को पडरिया मोड़ से करीब 400 मीटर सर्राकला गांव की ओर तीन संदिग्धों को पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार तलाशी में सोहनी बलईगांव निवासी जयतोष (24) के पास से 1.400 किलोग्राम चरस, रियलमी मोबाइल और एक हजार रुपये, इकबाल खां (43) के पास से 640 ग्राम चरस, लावा कीपैड मोबाइल और 500 रुपये तथा याकूब उर्फ पिंटू (35) के पास से 700 ग्राम चरस, वीवो मोबाइल और 500 रुपये बरामद हुए। मौके से एर्टिगा कार संख्या RJ14TG 9927 भी बरामद की गई।
पुलिस ने तीनों आरोपितों के विरुद्ध थाना मोतीपुर में मु0अ0सं0 431/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय बहराइच भेज दिया।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड, उपनिरीक्षक अजेश कुमार, उपनिरीक्षक झुन्नू प्रसाद, हेड कांस्टेबल संतोष भारती, कांस्टेबल सतवीर, जय प्रकाश और उदयसेन चौधरी शामिल रहे।

प्रशासन पहुंचा जनजाति के द्वार, योजनाओं का लाभ उठाकर गरीबी दूर करने का आह्वान

रानियापुर में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों ने सुनीं थारू समाज की समस्याएं, 100 बेटियों को बांटीं कॉपी-पेन
श्रावस्ती। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था सद्भावना के तत्वावधान में थारू गांव रानियापुर में ‘प्रशासन जनजाति के द्वार’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों ने थारू समाज के लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और योजनाओं का लाभ उठाकर आर्थिक स्थिति मजबूत करने का आह्वान किया।
अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ललित कुमार ने नशामुक्त समाज बनाने का आह्वान करते हुए उपस्थित लोगों को सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने गांव में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए खेल मैदान और रुचि के अनुसार खेल सामग्री उपलब्ध कराने की घोषणा की।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) अशोक कुमार ने शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी कुशाग्र छात्र-छात्रा की पढ़ाई बाधित होती है तो वह अपने वेतन से उसकी पढ़ाई में सहयोग करेंगे। उपजिलाधिकारी प्रवीण कुमार ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
कार्यक्रम में करीब 100 बेटियों को कॉपी और पेन वितरित किए गए। थारू समाज के लोगों ने अपनी पारंपरिक संस्कृति के अनुसार अतिथियों का स्वागत किया। गांधी की समरस समाज की भावना को आगे बढ़ाते हुए अधिकारियों ने समाज के लोगों के साथ सामूहिक भोज में भी सहभागिता की।
थारू समाज की समस्याओं से विश्वपाल राना और समाजसेवी मनीष ओझा ने अधिकारियों को अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन संस्था अध्यक्ष योगेंद्र मणि त्रिपाठी ने किया। कार्यक्रम संयोजक एवं संस्था की महिला अध्यक्ष संजू थारू, होली राना, सुशीला थारू, बीरू कश्यप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अध्यक्षता वरिष्ठ थारू एवं सेवानिवृत्त शिक्षक अयोध्या प्रसाद ने की।
ब्रह्मा गोंड के नेतृत्व में 20 हजार का इनामी गिरफ्तार
गोवध के मामले में वांछित आरोपित दबोचा, तमंचा-कारतूस, पिकअप व नकदी बरामद

बहराइच। मोतीपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवध के मामले में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, पिकअप वाहन और 1,320 रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा पहुप सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड ने अपनी टीम के साथ ग्राम लौकाही में घेराबंदी कर शुक्रवार को आरोपित को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपित की पहचान समसुद्दीन (30) पुत्र मो. हुसैन, निवासी शाहपुर कला, थाना मोतीपुर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार वह मु0अ0सं0 418/26 में धारा 3/5/8 गोवध अधिनियम के तहत वांछित था और उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
तलाशी में आरोपित के पास से देशी तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने पिकअप संख्या यूपी 40 सीटी 7213 और 1,320 रुपये भी बरामद किए। तमंचा बरामदगी के संबंध में मोतीपुर थाने में मु0अ0सं0 428/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रभारी निरीक्षक ब्रह्मा गोंड की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रंजीत भारती, उपनिरीक्षक राज किशोर, हेड कांस्टेबल राम सजीवन, हेड कांस्टेबल दयानंद सिंह, कांस्टेबल दिनेश कसौधन, कांस्टेबल शिवा यादव और कांस्टेबल अमरेन्द्र गुप्ता शामिल रहे। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपित को न्यायालय बहराइच भेज दिया गया।




