दिल में पल रहे ट्यूमर का सफल ऑपरेशन कर हार्ट सर्जन डॉ. पंकज श्रीवास्तव ने दी 29 वर्षीय महिला को नई जिंदगी

आयुष्मान भारत योजना के तहत हिंद हॉस्पिटल में हुआ जटिल ऑपरेशन, आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार को मिली बड़ी राहत
बदलता स्वरूप | बाराबंकी। आधुनिक चिकित्सा और कुशल चिकित्सकों के प्रयास से 29 वर्षीय गीता देवी को नया जीवन मिला है। हिंद हार्ट इंस्टीट्यूट एवं हिंद हॉस्पिटल में वरिष्ठ हृदय रोग शल्य चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव और उनकी विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम ने महिला के हृदय में मौजूद ट्यूमर का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। खास बात यह रही कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत यह पूरा ऑपरेशन निःशुल्क किया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गीता देवी के पति कमलेश रामनगर क्षेत्र के एक गांव में पल्लेदारी का काम करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र 12 और 9 वर्ष है। पत्नी के हृदय में ट्यूमर होने की जानकारी मिलने के बाद कमलेश के सामने उसके इलाज की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। आर्थिक तंगी के कारण महंगे ऑपरेशन का खर्च उठाना परिवार के लिए संभव नहीं था। कई चिकित्सकों से परामर्श लेने के बावजूद परिवार को निराशा हाथ लगी और गीता की परेशानी बढ़ती जा रही थी।इसी बीच कमलेश को हिंद हार्ट इंस्टीट्यूट एवं हिंद हॉस्पिटल के वरिष्ठ हार्ट सर्जन डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव के बारे में जानकारी मिली। उम्मीद लेकर वह अपनी पत्नी को अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद ऑपरेशन का निर्णय लिया। डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने तमाम चिकित्सकीय चुनौतियों के बीच सफलतापूर्वक सर्जरी संपन्न की।ऑपरेशन के बाद गीता देवी की स्थिति स्वस्थ बताई गई है। पत्नी के स्वस्थ होने से परिवार में खुशी का माहौल है। कमलेश ने भावुक होकर बताया कि आर्थिक तंगी के चलते उन्हें पत्नी के इलाज की चिंता सता रही थी, लेकिन हिंद हॉस्पिटल में आयुष्मान योजना के तहत निःशुल्क सफल ऑपरेशन होने से उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने डॉ. पंकज कुमार श्रीवास्तव, अस्पताल प्रबंधन और पूरी चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।यह सफल ऑपरेशन इस बात का उदाहरण है कि आयुष्मान भारत जैसी स्वास्थ्य योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए किस तरह जीवनरक्षक साबित हो रही हैं। इनके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी गंभीर बीमारियों के आधुनिक और जटिल उपचार की सुविधा मिल रही है।




