सीएचसी से मरीजों को निजी क्लिनिक भेजने और 40 प्रतिशत कमीशन लेने के गंभीर आरोप,

स्वास्थ्य विभाग की भूमिका पर भी उठे सवाल

जसपुरा सीएचसी के बगल में संचालित अनुष्का क्लिनिक पर उठे सवाल, मानकों की जांच की मांग

जिला ब्यूरो चीफ सुशील कुमार मिश्रा

बांदा। जसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के ठीक बगल में संचालित अनुष्का क्लिनिक को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। क्लिनिक के संचालन और स्वास्थ्य संबंधी निर्धारित मानकों को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि सीएचसी में उपचार के लिए पहुंचने वाले मरीजों को गंभीर हालत बताकर निजी क्लिनिक भेजा जाता है। इतना ही नहीं, मरीजों को भेजने के एवज में कथित तौर पर 40 प्रतिशत कमीशन दिए जाने का भी आरोप लगाया जा रहा है।

इन आरोपों के सामने आने के बाद जसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सीएचसी के आसपास निजी क्लिनिक का संचालन होने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक प्रभावी जांच नहीं कराई गई है। वहीं, क्लिनिक के पंजीकरण, चिकित्सकों की शैक्षिक योग्यता, चिकित्सा सुविधाओं और निर्धारित मानकों की जांच कराने की मांग उठ रही है।

लोगों का कहना है कि यदि सरकारी अस्पताल में आने वाले मरीजों को निजी क्लिनिक भेजा जा रहा है, तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। आखिर किन परिस्थितियों में मरीजों को निजी क्लिनिक भेजा जाता है और क्या इसके पीछे किसी प्रकार का आर्थिक लेनदेन होता है? इन सवालों का जवाब जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

गौरतलब है कि जसपुरा सीएचसी अधीक्षक पर पूर्व में भी विभिन्न आरोप लगाए जाने की बात सामने आती रही है। इसके बावजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी बांदा की ओर से प्रभावी कार्रवाई न होने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

इस संबंध में जब जसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक दीपक यादव से उनका पक्ष जानने के लिए फोन किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। इस कारण उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।

अब देखना यह है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी बांदा मामले का संज्ञान लेकर अनुष्का क्लिनिक के संचालन और मरीजों को निजी क्लिनिक भेजने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराते हैं या मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।

Related Articles

Back to top button