घर में घुसकर चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, मुकदमे में बढ़ाई गई एक और धारा

राजकुमार श्रावस्ती ब्यूरो की रिपोर्ट
श्रावस्ती, 15 नवंबर। इकौना थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, विशुनापुर गांव निवासी वासुदेव वर्मा ने 14 नवंबर को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि 12 नवंबर को अवधराम यादव ने उनके घर का ताला तोड़कर बक्से में रखी एक जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया, सोने की एक बाली और आठ हजार रुपये नकद चोरी कर लिए थे। तहरीर के आधार पर इकौना थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने वांछित आरोपी अवधराम यादव पुत्र पुन्य आत्मा निवासी कुटी, विशुनापुर को 15 नवंबर को अकबरपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक ओमप्रकाश चौरसिया, कांस्टेबल अश्वनी वर्मा और साकेत पाण्डेय शामिल रहे।



