आज की उत्तर प्रदेश की प्रमुख ख़बरें 14/10/26

आमने-सामने बाइकों की भिड़ंत में युवक की मौत
बहन के घर से लौटते समय चहलारी घाट के पास हुआ हादसा
बहराइच। बौंडी थाना क्षेत्र के अहिरानपुरवा निवासी 23 वर्षीय युवक की मंगलवार दोपहर सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक अपनी बहन के घर सीतापुर से बाइक से वापस लौट रहा था। चहलारी घाट के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर हालत के चलते उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। बहन के घर से खुशी-खुशी लौट रहे युवक की हादसे में मौत से गांव में भी शोक का माहौल है। घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण से शिक्षा मे होगा गुणात्मक सुधार-आशीष कुमार सिंह
बदलता स्वरूप
बहराइच। राज्य शैक्षिक अनुसंधान प्रशिक्षण परिषद लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित जनपद के छह शिक्षकों ने दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय प्रशिक्षण राज्य स्वास्थ्य परिवार कल्याण महानिदेशक इंदिरा नगर लखनऊ के प्रशिक्षण सभागार में प्रोजेक्ट आधारित शिक्षण व्यवस्था का प्रशिक्षण प्राप्त किया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि जनपद के छह शिक्षकों को राज्य परियोजना कार्यालय के निर्देशन में प्रोजेक्ट आधारित अधिगम प्रशिक्षण 12 तथा 13 अक्टूबर को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण महानिदेशालय के प्रशिक्षण सभागार में राज्य स्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त किया, अब यह सभी प्रशिक्षक जनपद स्तर पर जूनियर विद्यालय के समस्त नोडल शिक्षकों को प्रोजेक्ट आधारित प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। प्रोजेक्ट आधारित प्रशिक्षण का उद्देश्य बच्चों में करके सीखने की प्रक्रिया मे वृद्धि करना, आलोचनात्मक सोच या खोज को बढ़ावा देना, समस्या समाधान करने में वृद्धि करना तथा सहयोग की भावना को विकसित करने के लक्ष्य को बढ़ावा देना है। प्रोजेक्ट आधारित राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण प्राप्त करने वालों मे राजेश कुमार मिश्र, नंदकुमार शुक्ल, संदीप मेंहरोत्रा, सुनील कुमार सिंह परिहार, चंद्रशेखर वर्मा तथा रविंद्र चौधरी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया है I
निबंध लेखन में दिखा युवाओं का उत्साह, एआई और मानसिक स्वास्थ्य पर हुई चर्चा
बदलता स्वरूप
बहराइच। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर महाराज सिंह इंटर कॉलेज में 10 से 16 अक्टूबर तक चलने वाले मन जागृति अभियान के तहत निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 65 छात्रों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया, जिनमें से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 12 बच्चों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के मानसिक स्वास्थ्य नोडल अधिकारी अभय प्रताप सिंह ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. श्री प्रकाश गुप्ता सहित अन्य शिक्षकों ने छात्रों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मनोरोग सामाजिक कार्यकर्ता हरीश कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया का अत्यधिक उपयोग, पढ़ाई का दबाव, अकेलापन और नशे की लत के कारण युवाओं में तनाव, अवसाद, नींद की कमी और चिड़चिड़ापन बढ़ रहा है। उन्होंने नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। मॉनिटरिंग एंड इवैल्युएशन ऑफिसर मुकेश कुमार हँस ने आधुनिक तकनीक व मानसिक स्वास्थ्य पर विचार रखते हुए कहा कि एआई ने काम आसान किया है, लेकिन स्क्रीन का बढ़ता समय मानसिक तनाव बढ़ा रहा है। मानसिक शांति के लिए बीच-बीच में गैजेट्स से दूरी बनाकर परिवार के साथ समय बिताना जरूरी है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को भारत सरकार की निशुल्क मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन टेलीमानस 14416 और टेलीमानस ऐप की जानकारी दी गई, जिसके जरिए विशेषज्ञ परामर्श लिया जा सकता है। अभियान के अंत में हस्ताक्षर अभियान चलाकर जागरूकता का संकल्प लिया गया। इस दौरान वार्ड असिस्टेंट मनीष कुमार सिंह की व्यवस्थाओं को सुचारू रखने में प्रमुख भूमिका रही।
ग्राहकों के अटूट विश्वास का केंद्र बनी ‘भदेसर ऑटो सेल्स’ बजाज एजेंसी
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। मिल्कीपुर/कुमारगंज
मिल्कीपुर क्षेत्र के बरई पारा (कुमारगंज) स्थित ‘भदेसर ऑटो सेल्स (बजाज एजेंसी)’ अपने उत्कृष्ट कार्य और ग्राहकों की संतुष्टि के बल पर क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बना चुकी है। एजेंसी के प्रोपराइटर राकेश पांडे के कुशल मार्गदर्शन और पारदर्शी व्यवहार के चलते प्रतिदिन यहाँ बड़ी संख्या में ग्राहक गाड़ियों की खरीदारी, मरम्मत व सर्विसिंग के लिए पहुँच रहे हैं। एजेंसी पर आने वाले ग्राहक अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार वाहनों की देखभाल व सर्विसिंग करवाकर पूरी तरह संतुष्ट होकर लौटते हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यहाँ गाड़ियों की स्पेयर पार्ट्स की गुणवत्ता, तकनीकी कारीगरों की दक्षता और समयबद्ध सेवा अन्य स्थानों की तुलना में काफी बेहतर है।एजेंसी के प्रोपराइटर राकेश पांडे ने बताया कि उनके संस्थान का मूल मंत्र ‘ग्राहकों की पूर्ण संतुष्टि और बेहतर सेवा’ है। यहाँ बजाज की पल्सर, प्लैटिना, सीटी जैसी लोकप्रिय मोटरसाइकिलों की बिक्री के साथ-साथ आसान फाइनेंस (किश्त) सुविधा और आधुनिक टूल्स द्वारा ऑटोमैटिक सर्विसिंग की व्यवस्था उपलब्ध है। स्थानीय ग्राहकों ने बताया कि बरई पारा में इस बजाज एजेंसी के कुशलतापूर्वक संचालन से उन्हें दूर-दराज के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है और कम समय में बेहतर काम हो जाता है।

नवरात्र आत्म-शुद्धि, भक्ति और शक्ति की साधना का पावन पर्व: महंत जानकी शरण
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या धाम। अयोध्या धाम स्थित सरयू कुंज के पूज्य संत जानकी शरण महाराज ने नवरात्र के पावन अवसर पर इसके धार्मिक, आध्यात्मिक और व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि नवरात्र केवल एक पर्व नहीं, बल्कि मां भगवती की उपासना के माध्यम से आत्म-शुद्धि, भक्ति और आध्यात्मिक शक्ति प्राप्त करने का एक अति पवित्र अवसर है।
महंत जानकी शरण महाराज ने बताया कि नवरात्र के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ अलग-अलग स्वरूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। इन दिनों साधक व्रत, जप, तप और ध्यान के माध्यम से अपने अंतःकरण को शुद्ध करते हैं और जीवन में सुख, शांति तथा समृद्धि की कामना करते हैं। नवरात्र का आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व शक्ति और भक्ति का संगम: नवरात्र में मां भगवती की साधना करने से साधक को भय और कष्टों से मुक्ति मिलती है तथा मन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। संयम और अनुशासन: व्रत और नियमों का पालन करने से शरीर और मन दोनों का शोधन होता है, जिससे साधक में संयम और आत्म-नियंत्रण की भावना जागृत होती है। नारी शक्ति का सम्मान: नवरात्र का पर्व हमें समाज में नारी शक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा भाव रखने की प्रेरणा देता है। सरयू कुंज के संत ने अयोध्या धाम पधारे सभी श्रद्धालुओं और देशवासियों को नवरात्र पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी से भक्तिभाव के साथ मां आदिशक्ति की आराधना करने का आह्वान किया।



