भजनों की गूंज पर रातभर झूमे श्याम प्रेमी, केक काटकर मनाया बाबा का जन्मोत्सव

कोलकाता के भजन गायक पंकज सोनी ने बांधा समां, भव्य दरबार में बाबा-राणी सती दादी के दर्शन को उमड़े श्रद्धालु
बदलता स्वरूपगोण्डा। बाबा खाटूश्यामजी के जन्मोत्सव के अवसर पर श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट, गोण्डा की ओर से शुक्रवार की रात भव्य भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। स्थानीय भजन गायकों की प्रस्तुतियों के बाद कोलकाता से आए सुप्रसिद्ध भजन गायक पंकज सोनी ने अपनी मधुर आवाज से ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में झूमते रहे।पंकज सोनी ने अपने भजनों की शुरुआत श्री बालाजी की स्तुति से की। उन्होंने ‘दुनिया में देव हजारों हैं, बजरंगबली का क्या कहना’, ‘वीर हनुमाना, अति बलि धामा’, ‘मुझे ला दो भजन वाली माला’, ‘कोई पूछे कैसा है मेरा श्याम, मैं बोलूं बाबा चांद जैसा’, ‘आयो सांवरियो सरकार लीले पर चढ़ के’, ‘बंद करके इन पलकों को नजर मुझे श्याम आता है’, ‘कस के पकड़ लो मेरा हाथ प्यारे’ और ‘आया आया जन्मदिन मेरे श्याम का’ जैसे भजनों की शानदार प्रस्तुति दी। भजनों के साथ ही धमाल की धुनों पर भी श्याम प्रेमी जमकर झूमे और नृत्य कर अपनी श्रद्धा प्रकट की। कीर्तन के समापन पर प्रसाद वितरण किया गया। केक काटकर बाबा खाटूश्यामजी का जन्मोत्सव हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया।इस अवसर पर बलरामपुर, बहराइच, लखीमपुर, फैजाबाद, लखनऊ सहित आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर बाबा खाटूश्यामजी एवं श्री राणी सती दादी जी के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में बाबा खाटूश्यामजी एवं श्री राणी सती दादी जी का भव्य एवं आकर्षक दरबार सजाया गया था। दरबार की मनमोहक सजावट श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्त काफी देर तक बाबा और दादी के अलौकिक स्वरूप को निहारते रहे। भव्य दरबार सजाने के लिए मंदिर कमेटी की ओर से पुजारी द्वारका प्रसाद पाठक को सम्मानित किया गया। दरबार की सजावट में पुजारी दिनेश कुमार पाठक एवं अन्य पुजारियों का विशेष सहयोग रहा।कीर्तन में भाजपा जिला मंत्री उमेश शुक्ला ने बाबा के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद लिया और भजन-कीर्तन में सहभागिता की। वहीं कामाख्या मंदिर की महंत पूजा मिश्रा भी कार्यक्रम में शामिल हुईं और भजनों के माध्यम से बाबा के दरबार में अपनी हाजिरी लगाई।वही शनिवार को दोपहर सभी भक्तों ने दाल, चूरमा, पूड़ी, सब्जी का सवामणी प्रसाद ग्रहण किया।इस दौरान श्री श्याम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेश भावसिंहका, सुशील पचेरिया, विमलेश सिंघल, गोविंद जालूका, प्रदीप गोयल, लल्ला मित्तल, विशाल बंसल, पुनीत बंसल, मयंक अग्रवाल, अरिहंत जैन, राजू मित्तल, गोकुल शर्मा, अनिल कसौधन,अनूप बंसल, नीतू गर्ग, रेनू बंसल, संगीता भावसिंहका, श्वेता जैन, प्रिया भावसिंहका, रोली पचेरिया, ममता मोदी, रिया अग्रवाल, पंखुड़ी अग्रवाल, छवि सिंघल, अंजना अग्रवाल एवं प्रेमलता सिंघल सहित भारी संख्या में श्याम प्रेमी मौजूद रहे।





