एटीएम में फेविक्विक लगाकर कार्ड फंसाते, पिन चुराकर उड़ाते थे रकम, अंतरजनपदीय गिरोह के चार शातिर गिरफ्तार

गोंडा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, 23 एटीएम कार्ड, 73 फर्जी विजिटिंग कार्ड, 34,910 रुपये नकद और कार बरामद

लखनऊ, प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर समेत कई जिलों में वारदातों को दे चुके थे अंजाम, दो मामलों में 1.38 लाख रुपये की ठगी का खुलासागोण्डा, 19 नवंबर। एटीएम बूथों पर फेविक्विक लगाकर ग्राहकों के कार्ड फंसाने, मदद के बहाने उनका पिन चोरी करने और बाद में खातों से रुपये निकालने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का गोंडा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना कोतवाली नगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 34,910 रुपये नकद, विभिन्न बैंकों के 23 एटीएम कार्ड, पांच एंड्रॉयड मोबाइल, एक की-पैड मोबाइल, 73 फर्जी विजिटिंग कार्ड, चाकू, प्लास, कैंची, पेचकस, फेविक्विक तथा वारदात में प्रयुक्त हुंडई आई-10 कार बरामद की गई है।पुलिस के मुताबिक, गोंडा में एटीएम कार्ड फंसाकर धोखाधड़ी की दो घटनाएं सामने आई थीं। पहली घटना 24 अक्टूबर को आवास विकास कॉलोनी स्थित इंडियन बैंक के एटीएम पर हुई, जहां नंद किशोर मिश्रा का कार्ड मशीन में फंस गया। मदद के बहाने एक व्यक्ति ने उन्हें फर्जी विजिटिंग कार्ड देकर उस पर लिखे मोबाइल नंबर पर फोन करने को कहा। इसके बाद उनके खाते से छह बार में 48,934 रुपये निकाल लिए गए।दूसरी घटना 12 नवंबर को फैजाबाद रोड स्थित एसबीआई एटीएम पर हुई, जहां मो. साहिल खान का कार्ड फंसाकर इसी तरीके से उनके खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए गए। दोनों घटनाओं में कुल 1,38,934 रुपये की ठगी हुई थी।मामले की जांच में सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। दोनों घटनाओं में एक ही मोबाइल नंबर का इस्तेमाल सामने आने के बाद पुलिस ने संदिग्धों की पहचान कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।ऐसे देते थे वारदात को अंजामपूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह के सदस्य एटीएम मशीन में कार्ड डालने वाले स्थान पर फेविक्विक लगा देते थे, जिससे ग्राहक का कार्ड मशीन में फंस जाता था। इसके बाद एक सदस्य मददगार बनकर सामने आता और फर्जी टोल फ्री विजिटिंग कार्ड देकर उस पर लिखे नंबरों पर फोन करने को कहता था। फोन पर ग्राहक को दोबारा पिन डालने के लिए कहा जाता था, जबकि पीछे खड़ा दूसरा सदस्य उसका पिन देख लेता था।कुछ घंटे बाद सपोर्ट टीम आने का भरोसा देकर ग्राहक को वहां से भेज दिया जाता था। इसके बाद आरोपी चाकू, प्लास और पेचकस की मदद से मशीन से कार्ड निकाल लेते थे और चोरी किए गए कार्ड तथा पिन के जरिए एटीएम से रुपये निकालने के साथ ऑनलाइन खरीदारी भी करते थे।आरोपियों ने प्रयागराज, लखनऊ, अयोध्या, कानपुर और गोंडा में भी ऐसी वारदातें करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम से होटल में ठहरने, खाने-पीने और खरीदारी के अलावा लखनऊ में हुंडई आई-10 कार भी खरीदी गई थी।चारों गिरफ्तार आरोपियों की पहचानपुलिस ने ऋषभ निवासी सहादतगंज, लखनऊ, समीर उर्फ शेरा उर्फ शमशेर निवासी बिलरियागंज, आजमगढ़, अदनान खान निवासी प्रतापगढ़ तथा दीपक उर्फ दीपू सिंह चौहान निवासी पहड़िया, वाराणसी के रूप में की है।पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ गोंडा के कोतवाली नगर थाने में दर्ज दो मुकदमों का खुलासा हुआ है। इसके अतिरिक्त लखनऊ के हजरतगंज थाने में भी एक मुकदमे में उनकी संलिप्तता सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अन्य जनपदों में हुई वारदातों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।इनकी रही अहम भूमिकागिरफ्तारी करने वाली टीम में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी, उपनिरीक्षक उदित वर्मा, आरक्षी पंकज कुमार, अभय प्राप्त सिंह और नीलेश गुप्ता शामिल रहे। साइबर सेल की टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता, आरक्षी हरि ओम टंडन, अमित गौड़, शिवम मिश्रा और पंकज कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय रवाना किया।सावधानएटीएम इस्तेमाल करने वालों के लिए सावधानी: कार्ड मशीन में फंसने पर किसी अनजान व्यक्ति की मदद न लें, अपना पिन किसी के सामने न डालें और बैंक के आधिकारिक ग्राहक सेवा नंबर पर ही संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button